बेशक झमाझम बारिश लोगों को गर्मी से राहत दिलाने का काम करती है. मगर बारिश के दौरान कीचड़, मिट्टी और हर तरफ फैली गंदगी का असर घर की साफ-सफाई को भी बर्बाद कर देता है. ऐसे में कुछ खास तरीकों की मदद से आप घर को आसानी से साफ-सुथरा रख सकते हैं.
मानसून में घर की गंदगी सिर्फ धूल-मिट्टी तक ही सीमित नहीं है. बल्कि कीड़े-मकौड़े भी घर की चीजों को गंदा करने में बराबर की भूमिका निभाते हैं. ऐसे में न सिर्फ घर में मौजूद गंदगी बैक्टीरियल इंफेक्शन को जन्म देती है बल्कि धूप न लगने के कारण घर की चीजों में से बदबू भी आने लगती है.
बारिश के मौसम में अक्सर घर के बाहर रहने पर पैर सबसे ज्यादा गंदे होते हैं. ऐसे में घर के दरवाजे पर पावदान न होने पर लोग बाहर के गंदे पैर लेकर घर में प्रवेश कर लेते हैं. जिससे कीचड़ के साथ-साथ जर्म्स भी घर में आ जाते हैं. इसलिए मानसून में घर के दरवाजे पर पावदान बिछाएं और घर के सदस्यों को पैर पोंछ कर ही अंदर आने की सलाह दें.
बरसात के मौसम में नमी बढ़ने के चलते अक्सर घरों में सीलन आने लगती है. जिसके कारण घर के फर्नीचर पर दीमक लगने शुरू हो जाते हैं. ऐसे में मानसून के दौरान घर में सीलन आने से रोकें. साथ ही घर के सभी कोनों में समय-समय पर टरमाइट और पेस्ट कंट्रोल का छिड़काव करवाना न भूलें.