छत्तीसगढ़
Trending

अमित जोगी के पोस्ट पर अमित साहू  का पलटवार, कहा – छत्तीसगढ़ में प्रलोभन आदि के रास्ते जबरिया धर्मांतरण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

रायपुर।  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित साहू ने ईसाई प्रचारकों के कार्यक्रम रद्द होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव के खिलाफ अनर्गल प्रलाप करने के लिए जोगी कांग्रेस के पूर्व विधायक अमित जोगी पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर पोस्ट करके जोगी द्वारा प्रदेश की भाजपा सरकार को साम्प्रदायिक बताने पर श्री साहू ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि यह प्रलाप जोगी कांग्रेस की साम्प्रदायिक मानसिकता का शर्मनाक उदाहरण है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री साहू ने जोगी पर पलटवार करते हुए कहा कि ईसाई मिशनरियों ने छत्तीसगढ़ को अपने धर्मांतरण के एजेंडे के बेहद मुफीद मान रखा है और यहाँ आकर वे भोले-भाले जनजातीय समाज सहित गरीब और जरूरतमंदों का प्रलोभन आदि हथकण्डे अपनाकर जबरिया धर्मांतरण करा रहे थे। कांग्रेस के साम्प्रदायिक तुष्टीकरण के एजेंडे ने इन मिशनरियों को संरक्षण दे रखा था। लेकिन भाजपा इस तरह के जबरिया और प्रलोभन आदि हथकण्डों के जरिए धर्मांतरण की सदैव मुखालफत करती रही है। श्री साहू ने कहा कि हिन्दू रक्षा मंच और विश्व हिन्दू परिषद ने जनजातीय समाज के अस्तित्व रक्षा तथा सुदूर क्षेत्रों में धर्मांतरण के चलते हो रहे जनसांख्यिकीय असंतुलन से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्पन्न हो रहे खतरों के अलावा जनजातीय समाज में ही बढ़ते जा रहे वर्ग संघर्ष को गंभीरता से लिया है और उस दिशा में कार्यरत है। प्रदेश सरकार इन तमाम पहलुओं पर नजर रखे हुए है ताकि अप्रिय स्थिति न बने। श्री साहू ने कहा कि जोगी ने जिस तरह प्रदेश सरकार की नेकनीयती पर सवाल उठाया है, वह बेहद शर्मनाक है। छत्तीसगढ़ में प्रलोभन आदि के रास्ते जबरिया धर्मांतरण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, यह भाजपा की स्पष्ट घोषणा है। भाजपा इसके लिए जरूरी होने पर धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए सरकार के स्तर पर कानून बनाने पर भी काम करेगी।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper