कैवल्यधाम तीर्थ में 19वां ध्वजारोहण महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न

24 मंदिरों में एक साथ फहराई गई धर्म ध्वजा; अठारह अभिषेक अनुष्ठान से भक्तिमय हुआ वातावरण
श्री आदिनाथ जैन श्वेताम्बर तीर्थ, कैवल्यधाम में दिनांक 11 एवं 12 फरवरी 2026 को 19वां भव्य ध्वजारोहण महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिला मंडलों एवं श्रावक-श्राविकाओं ने उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
ऐतिहासिक एवं मनमोहक दृश्य
तिलोकचंद बरड़िया ने बताया कि इस वर्ष के महोत्सव की मुख्य विशेषता यह रही कि कैवल्यधाम तीर्थ में 24 मंदिरों में एक साथ ध्वजाएं फहराई गईं। आकाश में एक साथ लहराती इन धर्म ध्वजाओं ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा परिसर ‘आदिनाथ भगवान की जय’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।
धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजन
श्री बरड़िया ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत श्री अरविन्द जी एवं श्री विमल जी गोलछा इंदौर से पधारे और उनके मार्गदर्शन में ‘अठारह अभिषेक’ अनुष्ठान पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।

