मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: 19 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं को मंजूरी, बनेगा नया एयरपोर्ट और पोर्ट पर कंटेनर टर्मिनल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में बुनियादी ढांचे, परिवहन और डाक सेवाओं से जुड़ी पांच प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं पर 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। सरकार के फैसलों में निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीनों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने से लेकर तमिलनाडु में नए कंटेनर टर्मिनल और असम में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण तक की योजनाएं शामिल हैं।
कैबिनेट के इन फैसलों का उद्देश्य देश में औद्योगिक उत्पादन को बढ़ावा देना, आयात पर निर्भरता कम करना और परिवहन एवं संचार सुविधाओं को मजबूत करना है। आइए जानते हैं सरकार ने किन पांच योजनाओं को मंजूरी दी है।
1. भारी निर्माण मशीनों के उत्पादन के लिए 11 हजार करोड़ की योजना
केंद्र सरकार ने क्रेन, बुलडोजर, अर्थमूवर, टनल बोरिंग मशीन (TBM) और अन्य भारी निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य भारत को निर्माण और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के निर्माण का प्रमुख केंद्र बनाना है। इससे विदेशी मशीनों पर निर्भरता कम करने और घरेलू उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
2. कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर 4,288 करोड़ रुपये की लागत से दूसरे कंटेनर टर्मिनल का निर्माण किया जाएगा। सरकार के मुताबिक, देश में कंटेनर परिवहन की मांग लगातार बढ़ रही है। नए टर्मिनल से बंदरगाह की क्षमता बढ़ेगी और तमिलनाडु के साथ कर्नाटक तथा आंध्र प्रदेश के उद्योगों और व्यापारिक गतिविधियों को भी फायदा मिलेगा।
3. असम के सिलचर में बनेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
केंद्रीय कैबिनेट ने असम के सिलचर में 2,014 करोड़ रुपये की लागत से नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है। इस परियोजना के तहत 12,351 वर्गमीटर क्षेत्र में टर्मिनल भवन बनाया जाएगा। इसके अलावा 2,705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार किया जाएगा। नए एयरपोर्ट से पूर्वोत्तर क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
4. डाक विभाग के आधुनिकीकरण के लिए 1,141 करोड़ की योजना
डाक सेवाओं को बेहतर बनाने और पार्सल कारोबार का विस्तार करने के लिए 1,141 करोड़ रुपये की पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को मंजूरी दी गई है। इसके तहत देशभर में 67 पार्सल हब विकसित किए जाएंगे और 519 पार्सल पैकेजिंग यूनिट स्थापित होंगी। साथ ही ग्रामीण डाकघरों को बिजनेस हब के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे डाक विभाग की सेवाओं और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
5. डाक विभाग की संपत्तियों के प्रबंधन पर खर्च होंगे 491 करोड़
कैबिनेट ने 491 करोड़ रुपये की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को भी मंजूरी दी है। इसके तहत डाक विभाग की संपत्तियों का बेहतर प्रबंधन किया जाएगा। साथ ही ऐतिहासिक और विरासत वाले डाक भवनों का संरक्षण, पुराने भवनों का रखरखाव और डाकघर के बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में 2028 चुनाव के लिए BJP का नया प्लान, रेड-येलो-ग्रीन श्रेणियों में बंटे बूथ
सरकार की इन पांचों मंजूरियों से निर्माण उपकरण उद्योग, बंदरगाह, हवाई परिवहन और डाक सेवाओं के क्षेत्र में विकास को गति मिलने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं के जरिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने की तैयारी है।

