
केंद्रीय बजट 2026-27 समावेशी विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम : राजवाड़े
रायपुर। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इसे समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखने वाला जनहितैषी बजट बताया है।राजवाड़े ने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं उद्यमिता को समान रूप से प्राथमिकता देकर देश के सर्वांगीण विकास को नई गति प्रदान की गई है। श्रीमती राजवाड़े ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी घोषणाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास के निर्माण से छात्राओं एवं कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध होगा, जिससे शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और अधिक सशक्त होगी। वहीं लखपति दीदी कार्यक्रम के विस्तार से महिलाओं को आजीविका से उद्यमिता की ओर अग्रसर होने का सशक्त अवसर मिलेगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मंत्री राजवाड़े ने कहा कि बजट में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वयं सहायता समूहों, स्टार्टअप्स, कौशल प्रशिक्षण और नवाचार को बढ़ावा देने से महिलाओं के साथ-साथ युवाओं के लिए भी नए अवसर सृजित होंगे। यह बजट सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के बीच संतुलन स्थापित करता है।
राजवाड़े ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के विजन को साकार करने वाला है। यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य की ओर देश को तेजी से अग्रसर करेगा और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाएगा।

