
खाटू श्याम दर्शन करने जा रहे मप्र के पांच लोगों की जयपुर में सड़क हादसे में मौत
जयपुर/भोपाल। राजस्थान के कोटा-जयपुर नेशनल हाइवे पर जयपुर के चाकसू में शनिवार तड़के हुए सड़क हादसे में मध्य प्रदेश के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले पांच लोग कार से उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन के बाद खाटू श्यामजी (सीकर) के दर्शन करने के लिए निकले थे। शनिवार सुबह करीब पांच बजे कोटा-जयपुर नेशनल हाइवे पर जयपुर के चाकसू के पास चालक को झपकी आने की वजह से तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
चाकसू थाने के एसएचओ मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि क्षेत्र के टिगरिया मोड़ के पास यह हादसा हुआ। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। शव बुरी तरह गाड़ी में फंस गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद क्रेन की मदद से गाड़ी को साइड में कराया गया। पुलिस के अनुसार, पांचों के शवों को चाकसू उपजिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण दुर्घटना हुई है। इसमें एक महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल एक युवक को हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मरने वालों में रेशमा श्रीवास्तव (55) पत्नी अखिलेश श्रीवास्तव, पीयूष राय पुत्र राजेश राय, रजक राहुल पुत्र बबलू रजक, चालक अनुराग (25) और शानू शामिल हैं। सभी मध्य प्रदेश के निवासी थे। हादसे के बाद नेशनल हाइवे पर जाम लग गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया।
मृतक रेशमा श्रीवास्तव जबलपुर के रेलवे शासकीय स्कूल में सरकारी टीचर थीं। उनके पति अखिलेश श्रीवास्तव पिछले साल लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन से हायर ग्रेड असिस्टेंट पद से रिटायर हुए। मृतक रेशमा की बेटी पलक श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी मां समेत पांच लोग उज्जैन में महाकालेश्वर महादेव के दर्शन करने निकले थे। गुरुवार को उज्जैन में दर्शन करने के बाद सभी लोग खाटू श्याम जी (रिंगस, सीकर) दर्शन करने जा रहे थे। उन्हें जानकारी मिली है कि उनकी मां सड़क हादसे में घायल हो गई हैं।____

