
मोहम्मद नबी ने रचा इतिहास, 41 साल की उम्र में ICC टूर्नामेंट में बनाया नया रिकॉर्ड
अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा के खिलाफ मैच में इतिहास रचा। इस मैच में उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में मात्र 7 रन खर्च कर चार विकेट चटकाए। उनकी इस शानदार गेंदबाजी के बदौलत अफगानिस्तान की टीम कनाडा को 118 के स्कोर पर रोकने में कामयाब रही। नबी अफगानिस्तान टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक है। अफगानिस्तान ने इस मैच में कनाडा को 82 रनों से हराया। मोहम्मद नबी ने अपने इस घातक स्पेल के दम पर इतिहास रच दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!4 विकेट हॉल लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने मोहम्मद नबी
मोहम्मद नबी ICC वर्ल्ड कप के इतिहास में 4 विकेट हॉल लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। यह रिकॉर्ड उन्होंने वनडे और टी20 दोनों वर्ल्ड कप को मिलाकर बनाया है। मोहम्मद नबी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा के खिलाफ 4 विकेट हॉल 41 साल 49 दिन की उम्र में लिया। वह इसी के साथ वनडे और टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 4 विकेट हॉल लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। आपको बता दें कि यह नबी के करियर के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े हैं
मोहम्मद नबी ने राशिद खान को छोड़ा पीछे
मोहम्मद नबी अफगानिस्तान के लिए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में बेस्ट बॉलिंग फिगर के मामले में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। नबी ने चेन्नई में अपनी शानदार परफॉर्मेंस की बदौलत अपने ही कप्तान राशिद खान को पीछे छोड़ दिया है। राशिद ने 2021 में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ 9 रन देकर 4 विकेट लिए थे। इस लिस्ट में नबी से आगे फजलहक फारूकी और मुजीब-उर-रहमान का नाम है। ये दोनों खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप में 5 विकेट हॉल ले चुके हैं।
अफगानिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए बनाए 200 रन
अफगानिस्तान ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 200 रन का बड़ा टोटल हासिल किया। टीम के लिए इब्राहिम जादरान ने सबसे ज्यादा 95 रन बनाए। 56 गेंदों की पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके और पांच छक्के लगाए। इस बड़े टारगेट का पीछा करते हुए कनाडा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 118 रन ही बना पाई। अंत में उन्हें 82 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इब्राहिम जादरान को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।

