राज्य प्रशासनिक सेवा से आईएएस में नियुक्त अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से की सौजन्य भेंट

जतिन नचरानी
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में राज्य प्रशासनिक सेवा एवं एलाइड सर्विस से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में नियुक्त अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्ति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतीक है, बल्कि जनसेवा के व्यापक अवसरों और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का भी दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों की सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका से प्रदेश के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्त अधिकारी तीर्थराज अग्रवाल, सुश्री लीना कोसम, बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल, आशीष कुमार टिकरिहा, ऋषभ पाराशर एवं तरुण किरण उपस्थित रहे।

