
Holi 2026: होली के रंग से पहले चेहरे पर क्या लगाएं? जानें Pre-Holi स्किन केयर रूटीन
Holi 2026: आज से मथुरा-वृंदावन में होली की शुरुआत हो चुकी है. आज बरसाना में लड्डू होली खेली जाएगी. इसके बाद से रंगों वाली होली भी खेली जाएगी. बता दें कि साल 2026 में होली 4 मार्च को मनाई जाएगी. होली का त्योहार रंगों और उत्साह से भरा होता है, लेकिन केमिकल वाले रंग हमारी त्वचा को नुकसान भी पहुंचा सकते हैं. ऐसे में त्योहार से 5-7 दिन पहले सही स्किन केयर रूटीन अपनाना बेहद जरूरी है, ताकि आपकी स्किन सुरक्षित और हेल्दी बनी रहे.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!होली से 5-7 दिन पहले क्या करें?
डर्मेटॉलोजिस्ट के मुताबिक, होली से एक हफ्ते पहले से ही अपनी स्किन को हाइड्रेट रखने की कोशिश करनी चाहिए. इसके लिए आप पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, लाइट क्लींजर इस्तेमाल करें और रोजाना मॉइश्चराइजर फेस और बॉडी पर लगाएं. होली से पहले किसी भी नए ब्यूटी प्रोडक्ट या केमिकल पील ट्राई नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे स्किन सेंसिटिव हो सकती है. अगर स्किन पर पहले से एक्ने, रैश या एलर्जी है, तो पहले उसका इलाज कराएं.
रंगों से खेलने से पहले इन 3 चीजों का इस्तेमाल जरूर करें
होली खेलने से 20-30 मिनट पहले चेहरे, गर्दन और हाथ-पैरों पर नारियल या बादाम का तेल हल्के हाथों से लगाएं. इससे स्किन पर एक प्रोटेक्टिव लेयर बनती है और रंग सीधे हमारी स्किन में नहीं चिपकते हैं. इसके बाद वॉटर-बेस्ड मॉइश्चराइजर लगाएं. धूप में रंग खेलने से पहले कम से कम SPF-30 या उससे ज्यादा का सनस्क्रीन जरूर लगाएं. सनस्क्रीन घर से बाहर निकलने से 15-20 मिनट पहले लगाएं और जरूरत पड़े तो दोबारा अप्लाई जरूर करें.
अलग-अलग स्किन टाइप के लिए टिप्स
ड्राई स्किन
ड्राई स्किन वाले लोगों को होली खेलने से पहले अपने फेस पर हैवी मॉइश्चराइजर और क्रीम बेस्ड प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना चाहिए. रात में स्किन रिपेयर क्रीम लगाएं ताकि त्वचा में नमी बनी रहे.
ऑयली स्किन
ऑयली स्किन वाले हल्का, नॉन-कॉमेडोजेनिक मॉइश्चराइजर लगा सकते हैं. ज्यादा ऑयलिंग से बचें, लेकिन एक पतली लेयर जरूर लगाएं ताकि रंग सीधे पोर्स में न जाए.
सेंसिटिव स्किन
सेंसिटिव स्किन वालों को खुशबूदार या केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स से बचना चाहिए. पैच टेस्ट जरूर करें और हो सके तो ऑर्गेनिक या हर्बल रंगों का ही इस्तेमाल करें.
केमिकल रंगों से बचाव क्यों जरूरी?
काया लिमिटेड में मेडिकल एडवाइजर और कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. हरसिमरन कौर के अनुसार, होली के रंगों में कई बार लेड, मरकरी और अन्य हानिकारक केमिकल्स मिलाए जाते हैं, जो स्किन एलर्जी, रैश और पिगमेंटेशन का कारण बन सकते हैं. इसलिए, कोशिश करें कि सिर्फ हर्बल या नेचुरल रंगों का ही इस्तेमाल करें. यदि स्किन पर जलन, खुजली या सूजन हो तो तुरंत साबुन से रगड़ने के बजाय सादे पानी से धोएं और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ से सलाह लें.
क्या न करें?
होली के बाद रंग छुड़ाने के लिए कभी भी स्किन को जोर से रगड़ना, हार्श स्क्रब या केरोसिन जैसे घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. ये स्किन के लिए खतरनाक हो सकता है. इससे स्किन की ऊपरी परत को नुकसान पहुंचता है.

