
T20 World Cup 2026 Prize Money: वर्ल्ड चैंपियन भारत पर हुई पैसों की बारिश, उपविजेता न्यूजीलैंड को मिले 14.65 करोड़, जानें किस टीम को मिली कितनी इनामी राशि…
T20 World Cup 2026 Prize Money: भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर ट्रॉफी जीती। यह भारत का लगातार दूसरा और कुल तीसरा टी20 विश्व कप खिताब है। इसके साथ ही टीम इंडिया तीन टी20 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। खास बात यह भी रही कि भारत अपने घर में टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बना।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस ऐतिहासिक जीत के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से भारतीय टीम पर इनामी राशि की भी बरसात हुई। चैंपियन बनने पर भारत को 3 मिलियन डॉलर, यानी करीब 27.48 करोड़ रुपये की प्राइज़ मनी दी गई।
न्यूजीलैंड को मिले 14.65 करोड़ रुपये
फाइनल में हारकर उपविजेता रहने वाली न्यूजीलैंड टीम को 1.6 मिलियन डॉलर, यानी लगभग 14.65 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली। वहीं सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड की टीमों को 790,000 डॉलर (करीब 7.24 करोड़ रुपये) प्रत्येक दिए गए।
सुपर-8 में पहुंचने वाली टीमों को 3.48 करोड़
टूर्नामेंट के सुपर-8 चरण तक पहुंचने वाली टीमों को 380,000 डॉलर (लगभग 3.48 करोड़ रुपये) की प्राइज़ मनी दी गई। इस श्रेणी में पाकिस्तान और मेजबान श्रीलंका के अलावा जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज की टीमें शामिल रहीं। सभी को बराबर राशि दी गई।
इसके अलावा ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली टीमों के लिए 250,000 डॉलर (करीब 2.29 करोड़ रुपये) की इनामी राशि तय की गई थी। आईसीसी ने इस पूरे टूर्नामेंट के लिए कुल लगभग 120 करोड़ रुपये का प्राइज़ पूल निर्धारित किया था।
फाइनल मुकाबले में संजू सैमसन की तूफानी पारी
फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
भारत की ओर से संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 8 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 89 रन की धमाकेदार पारी खेली। अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 52 रन बनाए, जबकि ईशान किशन ने 25 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 54 रन की तेज पारी खेली। अंत में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में 2 छक्के और 3 चौके लगाकर 26 रन जोड़ते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
255 रन के बड़े लक्ष्य के जवाब में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और भारत ने मुकाबला 96 रन से जीतकर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।

