चेटीचंड महोत्सव में भव्य शोभायात्रा का स्वागत, कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक ने रायपुरवासियों को गुदगुदाया

रायपुर। पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत द्वारा आयोजित चेटीचंड महोत्सव के अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा का शहर में ऐतिहासिक स्वागत किया गया। महापंचायत की युवा विंग द्वारा एमजी रोड स्थित मंजू ममता होटल के सामने शोभायात्रा का भव्य आयोजन किया गया।
समिति के संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी, अध्यक्ष श्री अमर गिदवानी एवं प्रवक्ता श्री दिनेश आनंद अठवानी ने बताया कि भगवान झूलेलाल के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह शोभायात्रा लगातार 59वें वर्ष लाखेनगर से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण के पश्चात कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन में मुंबई से आए कलाकारों ने विशेष आकर्षण प्रस्तुत किया। प्रसिद्ध कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक ने अपनी प्रस्तुति से रायपुरवासियों को खूब हंसाया और कहा कि “रायपुर वाले दिल वाले हैं, यहां अपार प्रेम मिला।”
इसके साथ ही गायक देव आशीष गुरु एवं गायिका भूमिका मीरचंदानी ने भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में समां बांध दिया।
शोभायात्रा के स्वागत में महापंचायत द्वारा आधुनिक तकनीक युक्त विशेष आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
युवा विंग के पदाधिकारियों ने आयोजन की सफलता का श्रेय पूरी टीम एवं वरिष्ठ सदस्यों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से आयोजन भव्य एवं सफल रहा, जिससे समाज की एकजुटता एवं सांस्कृतिक परंपरा को मजबूती मिली।
इस अवसर पर महापंचायत के पदाधिकारियों, वरिष्ठ सदस्यों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।


