
शहर विकास को लेकर महापौर को सौंपे गए बजट सुझाव
रायपुर, ।वित्तीय वर्ष 2026-27 के नगर निगम बजट में शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव महापौर मीनल चौबे को प्रेषित किए गए हैं। इन सुझावों में शहरी व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता एवं रोजगार सृजन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रेषित सुझावों में कहा गया है कि वर्ष 2025 में वेन्डरों (ठेला-गुमटी) के लिए लागू ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था में कई विसंगतियां हैं, जिसे निरस्त कर पुनः विचार किया जाना चाहिए। साथ ही नवीन बाजार-शास्त्री बाजार क्षेत्र को मास्टर प्लान के अनुरूप विकसित कर उसके व्यावसायिक उपयोग को बढ़ावा देने का प्रस्ताव दिया गया है।
शहर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रत्येक वार्ड में दिल्ली की तर्ज पर वार्ड क्लीनिक एवं नगर निगम कार्यालय स्थापित करने का सुझाव दिया गया है। इसके अतिरिक्त बढ़ते मच्छरों एवं प्रदूषण की समस्या को देखते हुए सभी नालियों को ढंकने एवं उन्हें सीवर लाइन से जोड़ने की आवश्यकता जताई गई है।
नगर निगम के पुराने मुख्यालय परिसर (पोस्ट ऑफिस के पास) में वेन्डिंग जोन विकसित करने का सुझाव भी दिया गया है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था सुगम होगी तथा हजारों लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को सुधारने के लिए बेसमेंट पार्किंग का व्यावसायिक उपयोग रोककर उसे पार्किंग के लिए उपलब्ध कराने तथा नए पार्किंग स्थलों के निर्माण की मांग की गई है। साथ ही ठेले-खोमचे के कारण बढ़ते अतिक्रमण को नियंत्रित करने हेतु नागपुर मॉडल पर पुलिस के साथ संयुक्त मोबाइल वैन संचालित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
प्रेषकों ने अपेक्षा व्यक्त की है कि उक्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आगामी बजट में शामिल किया जाएगा, जिससे रायपुर शहर के सुनियोजित एवं सतत विकास को गति मिल सके।
