
अर्थ ऑवर पर मुख्यमंत्री धामी का पर्यावरण संरक्षण का संदेश, एक घंटे बंद रहीं गैर-जरूरी लाइटें
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वैश्विक पर्यावरणीय पहल अर्थ ऑवर के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए सभी गैर-जरूरी लाइटें बंद कर अभियान में सहभागिता की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्थ ऑवर केवल एक प्रतीकात्मक पहल नहीं, बल्कि यह प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और दैनिक जीवन में ऊर्जा बचत को अपनी आदत बनाएं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास बड़े बदलाव की नींव रखते हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे प्राकृतिक संपदा से समृद्ध राज्य में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है, ताकि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखा जा सके।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

