
झालमुड़ी कैसे बनाते हैं, चटपटे स्वाद के लिए इसमें क्या-क्या डालते हैं, फटाफट नोट कर लें रेसिपी
पश्चिम बंगाल और बिहार से लेकर दिल्ली एनसीआर तक आपको झालमुड़ी खाने के शौकीन मिल जाएंगे। दफ्तरों के बाहर झालमुड़ी बेचने वालों के ठेले पर खूब भीड़ होती है। कुछ हल्का और चटपटा खाना है तो इसके लिए झालमुड़ी अच्छा स्नैक्स है। प्रधानमंत्री मोदी भी झालमुड़ी खूब स्वाद से खाते हैं। रविवार को पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली के दौरान पीएम मोदी ने झाड़ग्राम में बीच रास्ते में कोलकाता की मशहूर स्ट्रीट फूड झालमुड़ी का स्वाद लिया। आप घर में भी झालमुड़ी बना सकते हैं। आइये जानते हैं चटपटी झालमुड़ी बनाने की रेसिपी और इसमें क्या-क्या पड़ता है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!झालमुड़ी की रेसिपी
कोलकाता स्पेशल झालमुड़ी की सामग्री
इसके लिए बरीक कटा प्याज, बारीक कटा टमाटर, उबला आलू, बारीक कटा खीरा, कटा हुआ अदरक और हरी मिर्च, नींबू का रस और मसालों की जरूरत होती है।
झालमुड़ी कैस बनाएं स्टेप-बाय-स्टेप
पहला स्टेप- सबसे पहले किसी कढ़ाई या फ्राइंग पैन को गर्म करके उसमें 2 कप मुरमुरे डाल दें। मुरमुरे को चलाते हुए कुरकुरा होने तक भून लें। 2-3 मिनट में मुरमुरे एकदम क्रिस्पी हो जाएंगे।
दूसरा स्टेप- अब झालमुड़ी के लिए स्पेशल मसाला तैयार कर लें। इसमें आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर, आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चौथाई चम्मच गरम मसाला पाउडर, 1 चम्मच अमचूर पाउडर और आधा छोटा चम्मच काला नमक मिला लें। गर्म पैन में ही बिना गैस जलाए मसाले को डालकर हल्का भून लें जिससे सीलन निकल जाए।
तीसरा स्टेप- इसी पैन में मुरमुरे डालकर मिक्स कर लें और मसाले में मिलाएं। स्वादानुसार सफेद नमक मिला दें। अब इसमें एक चौथाई कप भुनी हुई मूंगफली डालें। अब जिस बर्तन में झालमुरी बनानी है उसमें कटा प्याज, टमाटर, आलू, हरी मिर्च और अदरक डालें। आप इसमें हरा धनिया और ताजा नारियल भी काटकर डाल सकते हैं।
चौथा स्टेप- हल्के हाथ से सारी चीजों को मिक् कर लें। तुरंत ही इसमें 1 चम्मच सरसों के तेल और 1 चम्मच नींबू का रस डाल दें। अच्छी तरह से मिक्स करें। अब थोड़ी सेव या चना चूर (चिउड़ा जैसा नमकीन मिश्रण) भी डाल सकते हैं।
एकदम चटपटी और स्वादिष्ट झालमुरी बनकर तैयार है। आप इसे तुरंत ही खा लें। ज्यादा समय रखने पर ये सील जाती है। घर में जब कुछ चटपटा खाने का मन हो तो झालमुरी बनाकर खा लें।

