
शहर में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन शत प्रतिशत क्षेत्र में सुनिश्चित करें, ताकि इधर -उधर कचरे का ढेर ना दिखें- महापौर मीनल चौबे ने स्वच्छ सर्वेक्षण तैयारी पर अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश
स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी पुख्ता करें इसमें कोई लापरवाही कदापि सहन नहीं की जायेगी – आयुक्त विश्वदीप
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिटी प्रोफाईल स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान केन्द्रित करें एवं कमियों को दूर करें स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर
रायपुर – आज नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम मुख्यालय में आयुक्त विश्वदीप सहित नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर एवं अपर आयुक्त स्वास्थ्य श्री विनोद पाण्डेय की उपस्थिति में सभी जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंताओं, सहायक अभियंताओं, जोन स्वास्थ्य अधिकारियों, उपअभियंताओं, वार्ड सफाई प्रभारियों, सफाई वार्ड सुपरवाईजरों की स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी को लेकर बैठक ली एवं स्वच्छ सर्वेक्षण को सुधारने के संबंध में कडे निर्देश अधिकारियों को दिये।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने वार्डो में अनुबंधित कंपनी रामकी द्वारा किये जा रहे डोर टू डोर कचरा कलेक्शन कार्य को लेकर गहन अप्रसन्नता व्यक्त की एवं कहा कि शहर में जगह जगह कचरे के ढेर दिखना यही दर्शाता है कि डोर टू डोर कचरा कलेक्शन शत प्रतिशत क्षेत्र में नहीं हो रहा है। यदि व्यवस्थित तरीके से शत प्रतिशत क्षेत्र में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन कार्य होगा तो इधर उधर कचरा फैला हुआ नहीं दिखेगा।
महापौर ने अगली स्वच्छता संबंधी समीक्षा बैठक में रामकी कंपनी के कार्यों की जानकारी रखकर उस पर भी गहन समीक्षा करने के निर्देश दिये। महापौर ने कहा कि रामकी कंपनी के सुपरवाईजरों एवं सफाई कामगारो सहित नगर निगम के नियमित सफाई कामगारों से भी अच्छी तरह कार्य की मॉनिटरिंग करके सही तरीके से दायित्व निर्वहन शहर में करवाये तो सफाई व्यवस्था वार्डों में शीघ्र ही सुधरती हुई दिखलाई पड़ेगी। स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी हेतु वार्ड प्रभारी सफाई सुपरवाईजर स्वच्छता निरीक्षक और जोन स्वास्थ्य अधिकारी वार्डों में निकले तो अपने साथ रामकी कंपनी के वार्ड सफाई सुपरवाईजरों को भी निरीक्षण हेतु ले जायें । सभी स्वच्छता अधिकारी फील्ड सर्वे करके यह जानकारी लेवे की किन मोहल्लों में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन हेतु रामकी की गाडियां प्रतिदिन नियमित नहीं पहुंच रही है। वार्ड में मार्गों और इधर -उधर कचरे का ढेर दिखने पर भी यह जानकारी प्राप्त हो सकती है कि वहां डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई है। महापौर ने स्वच्छ सर्वेक्षण अंतर्गत सम्मिलित सिटी प्रोफाइल स्थलों की भी अच्छी तरह सफाई करवाने के निर्देश दिये।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने नागरिको को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाकर अधिक से अधिक नागरिको से स्वच्छता एप के माध्यम से अधिकतम स्वच्छता फीडबैक लेने के निर्देश दिये ताकि रायपुर शहर को श्रेष्ठ स्वच्छ रैंकिंग सभी मिलकर दिलवा सके। सफाई संबंधी सभी जनशिकायतो को संबंधित अधिकारी गंभीरता से ले एवं उनका त्वरित निदान करें।
आयुक्त श्री विश्वदीप ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण कार्य को अत्यंत गंभीरता से ले एवं सही तरीके से कर्तव्य निर्वहन करें। वार्ड प्रभारी बनाये गये सभी अभियंता मेहनत की पराकाष्ठा करें इस कार्य में लापरवाही कदापि सहन नहीं की जायेगी। आयुक्त ने निर्देशित किया कि प्रतिदिन सभी जोनो के अधिकारीगण बाजारो, उद्यानो, तालाबो, मुख्य मार्गों, व्यावसायिक क्षेत्रों, सभी स्लम बस्तियों, नाले -नालियों आदि के स्पाट में फील्ड पर जाकर सफाई की व्यवस्था देखें एवं स्वच्छता व्यवस्था में सुधार लायें । सभी वेंडिंग जोनों में जोन अधिकारी प्रतिदिन जाये एवं सभी वेंडर्स को कचरा इधर – उधर नहीं डालने और डस्टबीन में रखकर सफाई मित्र को सफाई वाहन में देने जागरूकता लायें और समझाईश देवें । यदि इसके बाद भी वहां गंदगी फैलायी जाये तो संबंधितो पर व्यवस्था सुधारने कडाई से जुर्माना की कार्यवाही करें। कही भी गंदगी होने, कूड़े के ढेर दिखने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए । इस बात का सम्बंधित सभी जोन अधिकारी सम्पूर्ण स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान विशेष ध्यान रखें ।
स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर ने सिटी प्रोफाईल स्थलों की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान केन्द्रित कर मॉनिटरिंग कर सुधारने के अधिकारियों को निर्देश दिये। स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष ने रायपुर को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने मेहनत की पराकाष्ठा करने और रायपुर शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में देश का नंबर 1 स्वच्छ शहर बनाने संकल्प पूर्वक स्वच्छ सर्वेक्षण की पुख्ता तैयारी करने निर्देशित किया।


