
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने किया माता हासीदेवी के 200वें जन्मोत्सव की स्मृति टी-शर्ट का अनावरण, संत युधिष्ठिर लाल से की विशेष भेंट
रायपुर। शादाणी दरबार के पीठाधीश्वर पूज्य संत युधिष्ठिर लाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उनके सरकारी निवास पर एक विशेष भेंट की। यह मुलाकात आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण रही। इस अवसर पर पूज्य संत युधिष्ठिर लाल ने केंद्रीय गृहमंत्री का पारंपरिक रूप से स्वागत करते हुए उन्हें ‘जय शदाराम’ अंकित दुशाला (सरोपा) भेंट कर सम्मानित किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस भेंट के दौरान एक प्रमुख आकर्षण पूज्य माता हासीदेवी के 200वें जन्मोत्सव का प्रतीकात्मक शुभारंभ रहा। पूज्य संत युधिष्ठिर लाल ने गृहमंत्री अमित शाह के करकमलों से माता हासीदेवी के 200वें जन्मोत्सव की स्मृति में विशेष रूप से तैयार की गई टी-शर्ट का अनावरण करवाया। गृहमंत्री ने इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए इस आयोजन की सराहना की।
पूज्य संत युधिष्ठिर लाल ने गृहमंत्री के साथ आध्यात्मिक चर्चा करते हुए शादाणी दरबार द्वारा समाज और धर्म के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि माता हासीदेवी का 200वां जन्मोत्सव वर्ष शादाणी दरबार के अनुयायियों के लिए अत्यंत गौरव और श्रद्धा का विषय है। इस पूरे वर्ष के दौरान देशभर में विभिन्न सेवा और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य मानवता की सेवा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों का प्रसार करना है।
इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच सद्भावपूर्ण वातावरण रहा। पूज्य संत युधिष्ठिर लाल ने गृहमंत्री को शादाणी दरबार की आगामी योजनाओं से अवगत कराया। गृहमंत्री अमित शाह ने पूज्य संत के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए शादाणी दरबार की परंपराओं और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण की प्रशंसा की।

