मध्यप्रदेश

मप्र में प्री-मानसून एक्टिव, भोपाल समेत कई शहरों में सुबह हुई बारिश, 39 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

5 जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी, 20 जून के बाद मानसून की दस्तक के आसार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

भोपाल)। मध्य प्रदेश में मानसून आने से पहले ही प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगी है। राजधानी भोपाल सहित रायसेन, सीहोर और नर्मदापुरम में गुरुवार सुबह बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 39 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि पांच जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय ट्रफ लाइन और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम लगातार बदल रहा है। इसके चलते कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसी मौसमीय प्रणाली के कारण इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रदेश में एंट्री सामान्य तिथि से कुछ दिन देरी से, 20 से 22 जून के बीच हो सकती है।

इन जिलों में ओले और तेज आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने नीमच, श्योपुर, मुरैना, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से तेज आंधी चलने के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं उज्जैन, भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर और रीवा संभाग के कुल 33 जिलों में 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।

भोपाल सहित कई जिलों में बदला मौसम

गुरुवार सुबह राजधानी भोपाल में बादलों की आवाजाही बनी रही और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई। इसी तरह रायसेन, सीहोर और नर्मदापुरम जिलों में भी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।

मानसून की दस्तक में हो सकती है देरी

सामान्य तौर पर मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए इसके 20 जून के बाद आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि मानसून से पहले ही प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

कई शहरों में 40 डिग्री के पार रहा तापमान

एक ओर जहां कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला, वहीं प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी का प्रकोप भी बना रहा। बुधवार को रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा खरगोन में 41.8 डिग्री, राजगढ़ में 40.6 डिग्री, मलाजखंड और खंडवा में 40.5 डिग्री, खजुराहो और सागर में 40.3 डिग्री, नरसिंहपुर में 40.2 डिग्री तथा नौगांव, दमोह, उमरिया और मंडला में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री, इंदौर में 38.5 डिग्री, ग्वालियर में 38.9 डिग्री, उज्जैन में 39.5 डिग्री और जबलपुर में 39.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Join Us
Back to top button
12 हजार से भी कम, 8GB रैम और 5G सपोर्ट के साथ 25,000 में ट्रेन से 7 ज्योतिर्लिंग यात्रा, जानें पूरा पैकेज और किराया IRCTC Bharat Gaurav चलेगी 10 पैसे प्रति किलोमीटर e-Luna Prime,सस्ती इलेक्ट्रिक बाइक iPhone से Pixel तक स्मार्टफोन पर बेस्ट डील्स, आज आखिरी मौका