खेल

भारत की टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत: अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराया

IND vs AFG Test: भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में इतिहास रचते हुए पारी और 300 रन से शानदार जीत दर्ज की। महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मिली यह जीत टेस्ट क्रिकेट में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत साबित हुई। इससे पहले भारत ने 2018 में राजकोट में वेस्टइंडीज को पारी और 272 रन से हराया था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गिल-राहुल की शतकीय पारियों से खड़ा किया विशाल स्कोर

भारत ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की थी। टीम की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने 126 रन, केएल राहुल ने 100 रन, ऋषभ पंत और साई सुदर्शन ने 81-81 रन बनाए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर 52 रन बनाकर नाबाद लौटे। विशाल स्कोर के जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी 152 रन पर सिमट गई। भारत को 412 रन की बढ़त मिली, जिसके बाद टीम इंडिया ने फॉलोऑन देने का फैसला किया।

फॉलोऑन के बाद भी नहीं संभली अफगानिस्तान की बल्लेबाजी

फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानिस्तान की टीम दूसरी पारी में भी भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 112 रन पर ढेर हो गई। दूसरी पारी में टीम के केवल तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। सेदिकुल्लाह अटल ने सर्वाधिक 42 रन बनाए, जबकि मैच में रहमत शाह ही अफगानिस्तान के एकमात्र बल्लेबाज रहे जिन्होंने अर्धशतक लगाया।

डेब्यू टेस्ट में मानव सुथार ने बिखेरी चमक

डेब्यू मैच खेल रहे बाएं हाथ के युवा स्पिनर मानव सुथार भारत की जीत के सबसे बड़े नायकों में शामिल रहे। उन्होंने पहली पारी में छह विकेट झटककर अफगान बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी थी। दूसरी पारी में भी उन्होंने एक विकेट हासिल किया और मैच में कुल सात विकेट लेकर यादगार टेस्ट डेब्यू किया। मानव ने पहली पारी में रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक और अफसर जजई समेत छह बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था।

सुंदर और कुलदीप ने दूसरी पारी में किया कमाल

दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों ने सामूहिक प्रदर्शन किया। वॉशिंगटन सुंदर ने चार विकेट चटकाए, जबकि कुलदीप यादव ने तीन बल्लेबाजों को आउट किया। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार को एक-एक सफलता मिली। अफगानिस्तान की ओर से एक बल्लेबाज अशरफ चोट के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके।

दूसरे दिन से ही भारत ने बना ली थी मजबूत पकड़

भारत ने मुकाबले के दूसरे दिन से ही अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी। अफगानिस्तान ने दूसरे दिन का खेल पांच विकेट पर 113 रन के स्कोर पर समाप्त किया था और वह भारत से 451 रन पीछे था। तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों ने बाकी काम पूरा करते हुए मेहमान टीम को दोनों पारियों में सस्ते में समेट दिया।

अब वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी दोनों टीमें

हालांकि यह मुकाबला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का हिस्सा नहीं था, इसलिए इस जीत का अंक तालिका पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। अब दोनों टीमों के बीच 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जहां अफगानिस्तान टेस्ट हार का हिसाब बराबर करने की कोशिश करेगा, जबकि भारत अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगा।

Join Us
Back to top button
12 हजार से भी कम, 8GB रैम और 5G सपोर्ट के साथ 25,000 में ट्रेन से 7 ज्योतिर्लिंग यात्रा, जानें पूरा पैकेज और किराया IRCTC Bharat Gaurav चलेगी 10 पैसे प्रति किलोमीटर e-Luna Prime,सस्ती इलेक्ट्रिक बाइक iPhone से Pixel तक स्मार्टफोन पर बेस्ट डील्स, आज आखिरी मौका