बीजेपी का मध्यप्रदेश पर फोकस! राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 2 दिन रहेंगे एमपी, मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी

भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों और ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 17 और 18 सितंबर को मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला मध्यप्रदेश दौरा होगा। इस दौरान वे इंदौर और उज्जैन में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
नितिन नबीन के दौरे को लेकर मध्यप्रदेश भाजपा ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने प्रदेश एवं संभाग प्रभारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
Team India vs West Indies: वनडे और टी20 सीरीज का शेड्यूल सामने आया, जल्द होगा स्क्वाड का ऐलान
शिप्रा आरती और दीपोत्सव में होंगे शामिल
17 सितंबर को नितिन नबीन इंदौर पहुंचेंगे और इसके बाद उज्जैन जाएंगे। उज्जैन में वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ रामघाट पर शिप्रा आरती में शामिल होंगे। इसके अलावा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ भी करेंगे।
इस दौरान 25 लाख दीप प्रज्वलित करने के कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद नितिन नबीन भजन संध्या में भी शामिल होंगे।
18 सितंबर की सुबह वे श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे। इसके बाद इंदौर के लिए रवाना होंगे और वहां से पंजाब के लिए प्रस्थान करेंगे।
बूथ स्तर तक सक्रिय रहेगा संगठन
नितिन नबीन के दौरे के साथ ही भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर भी संगठन को सक्रिय किया है। भाजपा की योजना अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने की है।
राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सुशासन और जनसेवा से जुड़े कार्यों को लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम सिर्फ आयोजन तक सीमित न रहें, बल्कि उनका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए।
एक महीने तक चलेंगे कार्यक्रम
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि अगले एक महीने तक संगठन की पूरी शक्ति ‘सेवा संकल्प अभियान’ की सफलता में लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रमों की संख्या से ज्यादा उनकी प्रभावशीलता, गुणवत्ता और जनभागीदारी पर ध्यान दिया जाएगा।
नितिन नबीन का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
17 सितंबर
- 1:45 PM: इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
- 2:00 PM: इंदौर में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- 2:55 PM: गांधी नगर ग्राउंड में स्वामित्व योजना के कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
- 5:05 PM: उज्जैन पहुंचेंगे।
- 6:45 PM: रामघाट पर शिप्रा आरती में शामिल होंगे और ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करेंगे।
- 8:00 PM: भजन संध्या में शामिल होंगे।
18 सितंबर
- 4:05 AM: श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे।
- 9:30 AM: उज्जैन से इंदौर के लिए रवाना होंगे।
- 10:00 AM: इंदौर एयरपोर्ट से पंजाब के लिए रवाना होंगे।





