महानदी जल विवाद पर बड़ी खबर! CM साय बोले- जल्द होगा समाधान, CWC को सौंपा गया मामला

रायपुर: छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल बंटवारा विवाद के समाधान की दिशा में अब आगे बढ़ने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि दोनों राज्यों के बीच इस मुद्दे को लेकर चर्चा हुई है और मामला अब केंद्रीय जल आयोग (CWC) को सौंपा गया है। उन्होंने जल्द समाधान निकलने की बात कही है।
दिल्ली में हुई थी दोनों राज्यों के बीच चर्चा
रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों तथा अधिकारियों के बीच महानदी जल विवाद को लेकर चर्चा हुई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में इस विषय पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और अब मामले को केंद्रीय जल आयोग (Central Water Commission) को सौंप दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महानदी जल विवाद का समाधान जल्द हो सकता है।
दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को दो दिवसीय ओडिशा दौरे के लिए रवाना हुए। अपने प्रवास के दौरान वे ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री साय पुरी पहुंचकर भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि वे भगवान जगन्नाथ से छत्तीसगढ़ की खुशहाली और प्रदेशवासियों की समृद्धि की कामना करेंगे।
1983 से चला आ रहा है विवाद
छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच महानदी के जल बंटवारे को लेकर विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। वर्ष 1983 से जुड़े इस विवाद को लेकर दोनों राज्यों के बीच कई दौर की बातचीत और बैठकें हो चुकी हैं। अब केंद्रीय जल आयोग की भूमिका के बाद इसके समाधान की दिशा में नई पहल की उम्मीद जताई जा रही है।

