CM साय की ओडिशा के मुख्यमंत्री माझी से मुलाकात, महानदी जल विवाद के जल्द समाधान की उम्मीद

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच आपसी सहयोग, विकास, जनकल्याण और दोनों राज्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण एवं सार्थक चर्चा हुई।
दोनों राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा पड़ोसी राज्य होने के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। दोनों राज्यों के बीच कई साझा विषय हैं और विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि आपसी संवाद और सहयोग को और मजबूत करते हुए इन संभावनाओं को दोनों राज्यों की जनता के हित में आगे बढ़ाने को लेकर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ सकारात्मक चर्चा हुई।
महानदी जल विवाद के समाधान पर क्या बोले CM साय?
महानदी जल विवाद को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लंबे समय से चले आ रहे इस विषय के समाधान की दिशा में अब सकारात्मक वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जबकि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार है।
मुख्यमंत्री साय ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार के सहयोग और दोनों राज्यों की सकारात्मक पहल से महानदी जल विवाद का जल्द समाधान निकलेगा।

