रायपुर में आज राष्ट्रीय सेवा योजना का राज्यस्तरीय स्थापना दिवस, मुख्यमंत्री साय होंगे मुख्य अतिथि

रायपुर, 24 सितंबर: छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रकोष्ठ की ओर से आज 24 सितंबर को राज्यस्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, रायपुर में आयोजित होगा।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उच्च शिक्षा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास मंत्री टंक राम वर्मा करेंगे।
कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत और राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय, भोपाल के उप-कार्यक्रम सलाहकार एवं क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अशोक कुमार श्रोती विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
राज्यस्तरीय समारोह में प्रदेशभर से राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, कार्यक्रम अधिकारी और विभागीय अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान एनएसएस के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों, कार्यक्रम अधिकारियों और संस्थानों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े स्वयंसेवकों के सामाजिक योगदान और सेवा गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

