देश-विदेश

‘हिंदुस्तानी ने 9/11 होने से बचा लिया…’, कैप्टन स्मित मच्छार की वीरता की PM मोदी ने की तारीफ

Smit Machchhar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 1 अक्टूबर को भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से फोन पर बातचीत की। पीएम मोदी ने उनकी पत्नी और माता-पिता से बात कर कैप्टन मच्छार की बहादुरी की सराहना की। कैप्टन मच्छार ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद फ्लाईदुबई की उड़ान में सैकड़ों यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने कैप्टन मच्छार के साहस और सूझबूझ की प्रशंसा की। उन्होंने यह भी बताया कि सऊदी अरब में भारतीय मिशन घायल पायलट को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है। कैप्टन मच्छार का सऊदी अरब के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

New Rules From 1st October: 1 अक्टूबर से लागू हुए नए नियम, आम लोगों पर पड़ेगा असर; जानें क्या बदला और क्या नहीं

PM मोदी ने बताया नायक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्हें नायक बताते हुए कहा था कि गंभीर खतरे और चोट के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया। पीएम ने कहा कि उनके प्रयासों से सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद मिली और एक बड़ी त्रासदी टल गई।

फ्लाईदुबई विमान में क्या हुआ?

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में बुधवार को आपात स्थिति पैदा हुई। विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी इमरजेंसी अलर्ट जारी हुआ और विमान तेजी से नीचे आने लगा। इसके बाद विमान का रूट सऊदी अरब के तबूक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया।

विमान में 27 बच्चों समेत कुल 174 यात्री सवार थे। रिपोर्टों के मुताबिक, एक सह-पायलट ने विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की और इस दौरान कैप्टन मच्छार पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

PM मोदी ने कहा- भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व

भारत मंडपम में UPSC के शताब्दी समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन मच्छार की बहादुरी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस घटना में भारतीय पायलट ने धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि इजरायल के प्रधानमंत्री ने इस घटना के संदर्भ में कहा है कि भारत ने 9/11 जैसी घटना होने से बचा लिया।

प्रधानमंत्री ने कैप्टन मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए देशवासियों से उनके लिए प्रार्थना करने की अपील की।

नेतन्याहू ने भी की कैप्टन मच्छार की तारीफ

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की प्रशंसा की है। नेतन्याहू के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने हमलावर का प्रतिरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में भूमिका निभाई।

Aaj Ka Rashifal 1 October 2026: 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन, जानें नौकरी, धन और रिश्तों का हाल

नेतन्याहू ने कहा कि इस पूरी घटना के दौरान कैप्टन मच्छार के साहस से विमान में सवार 174 लोगों की जान बचाने में मदद मिली। उन्होंने भारतीय पायलट के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना भी की।

घटना से जुड़े सोशल मीडिया वीडियो में कैप्टन मच्छार को घायल अवस्था में ऑक्सीजन मास्क लगाए देखा जा सकता है। घटना के बाद विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबूक की ओर डायवर्ट किया गया, जहां घायल पायलट का इलाज कराया जा रहा है।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button