बागेश्वर धाम से ‘सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0’ का शुभारंभ, 5 जिलों में 500 किलोमीटर का सफर तय करेंगे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम से ‘सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0’ का भव्य शुभारंभ हो गया है। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन शुरू हुई इस यात्रा में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यात्रा को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।
हनुमान चालीसा पाठ के बाद रवाना हुई यात्रा
यात्रा की शुरुआत से पहले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बालाजी महाराज के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कई प्रसिद्ध संत और कथावाचक हुए शामिल
‘सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0’ के शुभारंभ समारोह में देश के कई प्रसिद्ध संतों और कथावाचकों ने हिस्सा लिया। इनमें अयोध्या के संत राजू दास महाराज, कथावाचिका चित्रलेखा जी और संत इंद्रेश उपाध्याय सहित अन्य संत-महात्मा और गणमान्य लोग शामिल रहे।
5 जिलों से होकर गुजरेगी 500 किलोमीटर लंबी यात्रा
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में निकलने वाली यह रथ यात्रा बुंदेलखंड के पांच प्रमुख जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान करीब 500 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। रास्ते में पड़ने वाले शहरों और गांवों में श्रद्धालुओं की ओर से स्वागत की तैयारियां की गई हैं। यात्रा के समापन पर विशाल हवन आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है।
इस यात्रा का उद्देश्य सनातन हिंदू एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना बताया गया है। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

