CM मोहन यादव ने बच्चों को दी सांदीपनि स्कूल की सौगात, 35 लाख से ज्यादा पेंशनरों के खातों में पहुंचे ₹213.41 करोड़

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को नरसिंहपुर जिले में सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय बस सेवा की शुरुआत की और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 35.56 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में 213.41 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना के हितग्राहियों को संपत्ति के मालिकाना हक के प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इसके अलावा, जिले में कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया और वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नरसिंहपुर के विकास, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और पशुपालन से जुड़ी कई घोषणाएं भी कीं।
बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए सरकार संकल्पित: CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता से जुड़ी गुरु-शिष्य परंपरा की याद दिलाते हैं। सरकार का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय और बस सेवा की शुरुआत से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ आवागमन में भी सुविधा मिलेगी।
सीएम ने दावा किया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में ड्रॉपआउट दर, जो पहले 14 प्रतिशत से अधिक थी, अब शून्य पर आ गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है।
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मध्य प्रदेश में 375 सांदीपनि विद्यालय बनकर तैयार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यार्थियों को लैपटॉप, स्कूटी और साइकिल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
35.56 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों को 213.41 करोड़ रुपये
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35.56 लाख से अधिक हितग्राहियों के बैंक खातों में कुल 213.41 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इसके साथ ही स्वामित्व योजना के लाभार्थियों को उनकी संपत्ति के मालिकाना हक के प्रमाण पत्र दिए गए।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों को पुष्प और वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए विभिन्न वर्गों तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
नरसिंहपुर में 95 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि 42.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया गया है। इसके अलावा, जिले के 50 गांवों में जल जीवन मिशन के तहत 23.17 करोड़ रुपये की लागत से नल से जल उपलब्ध कराने के कार्य किए जा रहे हैं।
जिले में चार सड़कों और शासकीय हाईस्कूल कल्याणपुर का लोकार्पण भी किया गया। वहीं, लगभग 95 करोड़ रुपये की लागत के 21 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया गया।
सीएम ने कहा कि नरसिंहपुर को जबलपुर मेट्रोपोलिटन एरिया का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र में विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।
540 करोड़ से गोटेगांव-नरसिंहपुर-पिपरिया मार्ग का उन्नयन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नरसिंहपुर में कई नई परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 540 करोड़ रुपये की लागत से गोटेगांव-नरसिंहपुर-पिपरिया मार्ग का उन्नयन किया जाएगा। इसके अलावा, नरसिंहपुर में एकांत वन कॉरिडोर विकसित करने और खेरी नाका से रेलवे स्टेशन तक प्रमुख मार्ग बनाने की योजना है।
उन्होंने नरसिंहपुर में भव्य गीता भवन बनाने और नर्मदा नदी के वरमान घाट पर रिवर फ्रंट विकसित करने की भी घोषणा की।
अगले साल खुलेंगे 12 नए मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित किया गया है। उनके अनुसार, वर्ष 2027 में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षाएं दो बार आयोजित की जाएंगी।
सीएम ने बताया कि प्रदेश में 85 हजार नई नियुक्तियां की गई हैं और ढाई लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही एक लाख से अधिक नए पदों पर भर्ती की जाएगी। अगले साल प्रदेश में 12 नए मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन पर भी काम कर रही है, ताकि युवाओं को प्रदेश में ही बेहतर अवसर मिल सकें।
दिवाली पर पशुपालकों के लिए प्रतियोगिताएं
मुख्यमंत्री ने पशुपालन और दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए घोषणा की कि दीपावली के अवसर पर प्रदेश के सभी विकासखंडों में पशुपालकों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान के विजेता को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दूध उत्पादन में हिस्सेदारी को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसके साथ ही नदी जोड़ो अभियान के जरिए किसानों को लाभ पहुंचाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास का दावा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना और विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सुविधाओं का भी जिक्र किया।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और विपक्षी दलों की मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यशैली पर उठाई गई आपत्तियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आज भारतीय नौसेना में शामिल होगा ‘मंगरोल’, स्वदेशी युद्धपोत की खासियतें जानकर हो जाएंगे हैरान
सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सांदीपनि विद्यालय के विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं, भविष्य के लक्ष्यों और आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

