उत्तर प्रदेश में न्यायिक विभाग में बड़ा बदलाव, 35 जिलों के जजों के ट्रांसफर; देखें पूरी लिस्ट

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर न्यायिक फेरबदल किया गया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 35 जिलों में जिला जज और अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (ADJ) रैंक के न्यायिक अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की है। इस बदलाव के तहत कई जिला जजों को नई जगह तैनाती दी गई है, जबकि विभिन्न अदालतों में कार्यरत न्यायिक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।
पेपर लीक पर सख्ती की तैयारी, 4 विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने वाला देश का पहला राज्य बना मध्य प्रदेश
सत्येंद्र कुमार बने उन्नाव के जिला जज
तबादला सूची के अनुसार, सहारनपुर के जिला जज सत्येंद्र कुमार को उन्नाव का जिला जज नियुक्त किया गया है। चित्रकूट के जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषमणि को प्रयागराज भेजा गया है। वहीं, प्रतापगढ़ के जिला जज राजीव कमल पांडेय को मुजफ्फरनगर का जिला जज बनाया गया है।
गोरखपुर की कमर्शियल कोर्ट में पीठासीन अधिकारी के रूप में कार्यरत राम प्यारे को हमीरपुर का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
मेरठ और हापुड़ में भी बदले न्यायिक अधिकारी
रितीश सचदेवा को मेरठ में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (ADJ) बनाया गया है। मोहम्मद असलम सिद्दीकी मेरठ में एससी-एसटी कोर्ट की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, राकेश कुमार पंचम का मेरठ से श्रावस्ती तबादला किया गया है। उनके स्थानांतरण के कारण एक मामले में सजा सुनाने की सुनवाई टलने की जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा, गुरप्रीत सिंह बावा को हापुड़ के मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) से गौतम बुद्ध नगर भेजा गया है।
गोरखपुर, मुजफ्फरनगर और उन्नाव में नई तैनाती
संजीव कुमार सिन्हा को पीलीभीत की फैमिली कोर्ट से गोरखपुर की कमर्शियल कोर्ट में तैनात किया गया है। दिनेश प्रताप सिंह को मुजफ्फरनगर में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है।
नीतीश कुमार राय को गाजियाबाद की फैमिली कोर्ट से उन्नाव में ADJ की जिम्मेदारी दी गई है। कविता शुक्ला उन्नाव में एससी-एसटी कोर्ट का कामकाज संभालेंगी। वहीं, अंकिता शुक्ला, प्रेम प्रकाश और रामराज द्वितीय को भी उन्नाव की विभिन्न अदालतों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
Telecom Rules 2026: 1 नवंबर से अनजान कॉल पर दिखेगा कॉलर का असली नाम? जानें नया नियम
चंदौली, ललितपुर और लखीमपुर खीरी में भी बदलाव
न्यायिक अधिकारियों के तबादलों के तहत विवेक त्रिपाठी को औरैया की फैमिली कोर्ट से चंदौली का जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। राजीव कुमार तृतीय को बुलंदशहर के मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण से ललितपुर भेजा गया है।
इसी तरह, सुनील कुमार पंचम को गोंडा की फैमिली कोर्ट से चित्रकूट का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। लोकेश राय को अमरोहा के मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण से लखीमपुर खीरी का जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है।
इस न्यायिक फेरबदल के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों और अदालतों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।

