CG News: डिप्टी CM विजय शर्मा ने मड़मड़ा में आंगनबाड़ी और अटल डिजिटल सेवा केंद्र का किया लोकार्पण

रायपुर : छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने शनिवार को कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम मड़मड़ा और कबरटोला का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। साथ ही ग्रामीणों की मांग पर सड़क, सामुदायिक भवन, मंच और नाली निर्माण सहित कई विकास कार्यों की घोषणा की।
ग्राम मड़मड़ा में उप मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 और 5 लाख रुपये की लागत से बने अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा 47.15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 500 मीटर लंबे गौरव पथ का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
रायपुर के गरबा महोत्सव में पहुंचीं कंगना रनौत, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया स्वागत
आंगनबाड़ी केंद्र से बच्चों को मिलेगी बेहतर सुविधा
ग्राम मड़मड़ा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति में स्थानीय महिलाओं ने रिबन काटकर किया। नए भवन से बच्चों को बेहतर वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और आंगनबाड़ी की अन्य सेवाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए बच्चों के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
अटल डिजिटल सेवा केंद्र से गांव में मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं
मड़मड़ा में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण भी किया गया। इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
ग्रामीण महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि निकाल सकेंगे। इसके अलावा राशि जमा करने जैसी बैंकिंग सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इससे ग्रामीणों को छोटे-मोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर जाने की जरूरत कम होगी और समय व आवागमन खर्च की बचत होगी।
मड़मड़ा में सड़क और सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा
ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मड़मड़ा से बैजलपुर मुख्य मार्ग का मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही बाजार छपरी में 15 लाख रुपये, पटवारी भवन के पास 10 लाख रुपये और पुरानी सोसायटी के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की गई।
कबरटोला में देवी दर्शन कर नवधा रामायण में हुए शामिल
इसके बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम कबरटोला में आयोजित दुर्गोत्सव और नवधा रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने देवी दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद दुर्गोत्सव समिति द्वारा आयोजित नवधा रामायण कार्यक्रम में रामायण पाठ का श्रवण किया और ग्रामीणों के साथ भक्तिमय वातावरण में समय बिताया।
कार्यक्रम के बाद उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं एवं मांगें रखीं। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
कबरटोला में 20.20 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात
उप मुख्यमंत्री ने कबरटोला में कुल 20.20 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें पंचायत भवन के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन, 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों का निर्माण, नवधा रामायण मंच के पास 3.50 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण और शीतला मंदिर की ओर 5 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण शामिल है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

