छत्तीसगढ़

मां संतोषी एवं मां वैभव लक्ष्मी धाम के जागरण में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

स्वाति मिश्रा और संदीप शिवहरे के भजनों से रातभर गूंजा माता का दरबार, राजस्थान की दिव्य झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

रायपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर माढ़र स्थित मां संतोषी एवं मां वैभव लक्ष्मी धाम में भव्य माता जागरण का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। नौ दिनों तक चले धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित इस विशेष जागरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। प्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मिश्रा (मुंबई) और भजन सम्राट संदीप शिवहरे की सुमधुर प्रस्तुतियों ने भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। वहीं, राजस्थान के कोटा से आए कलाकारों की आकर्षक धार्मिक झांकियां कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहीं।

जागरण का शुभारंभ रात्रि 8 बजे माता के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। माता के आगमन पर श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी, पुष्पवर्षा और आरती के साथ उनका स्वागत किया। पूरा धाम माता के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।

प्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मिश्रा ने माता की आराधना के साथ अपनी भजन प्रस्तुति की शुरुआत की। उन्होंने हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी में एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके भजनों पर भक्त झूमते रहे और माता के जयकारे लगाते रहे।

स्वाति मिश्रा ने माढ़र के श्रद्धालुओं की भक्ति और आस्था की सराहना करते हुए कहा कि वे देशभर में अनेक धार्मिक आयोजनों में प्रस्तुति देती हैं, लेकिन यहां भक्तों का समर्पण और श्रद्धा विशेष रूप से देखने को मिली। इस अवसर पर माता के दरबार में उनका सम्मान किया गया और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया गया।

 

रात्रि 1 बजे से भजन सम्राट संदीप शिवहरे ने अपनी प्रस्तुतियों से जागरण में भक्ति और उत्साह का संचार किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ी सहित विभिन्न भाषाओं के भक्ति गीतों और माता के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर रात से लेकर अमृतवेला तक भक्ति में लीन रहे। माता के दरबार में पूरी रात भक्तों की उपस्थिति और उत्साह बना रहा।

 

कोटा, राजस्थान से आए कलाकारों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, हनुमान जी, राधा-कृष्ण, मां काली तथा भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। कलाकारों की मनमोहक वेशभूषा, सजीव अभिनय और भक्ति संगीत से सजी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झांकियों के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से भर उठा और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ अपनी आस्था व्यक्त की।

 

जागरण के समापन पर माता की आरती कर विश्व कल्याण और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन स्थल पर पूरी रात विशाल भंडारा भी चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

 

### संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने की सहभागिता

 

माता के इस भव्य जागरण में देश के विभिन्न क्षेत्रों से संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। प्रमुख रूप से रायपुर के संत साईं जल कुमार मसंद जी, बाबा किशाराम दरबार से भाईसाहिब एवं श्याम सुंदर भाई, लखनऊ के साईं हरिश लाल जी के सुपुत्र साईं आनंद लाल, झूलेलाल मंदिर चकरभाठा के संत साईं लाल दास जी के सुपुत्र वरुण साईं जी उपस्थित रहे।

 

इसके अलावा भरतलाल जयसिंग, रतन जयसिंग, प्रेम बिरनानी, मोहन आहूजा, राजू बिरनानी, रवि आहूजा, जीतू बिरनानी, अमित आहूजा, लोकू भावनानी, छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत के प्रदेश अध्यक्ष महेश दरयानी, रायपुर उत्तर के पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, योगेश अग्रवाल, सुनील तिवारी, विक्रम केवलानी, विक्की टेकवानी, जितेंद्र बड़वानी, सुदेश मध्यान, सचिन मेघानी, अजय साहू, डॉ. अनामिका सिंह, मोहन होतवानी, राहुल, अमन तलरेजा, संतु, राजू भाई तारवानी, चेतन तारवानी, धनेश मटलानी, रितेश वाधवा, उमेश डेंगवानी, दीपक डोडवानी, कालड़ा, श्रीमती भावना कुकरेजा, प्रकाश कुकरेजा, राधा राजपाल, नरेश कुकरेजा और प्रहलाद खेमानी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में पहुंचकर शीश नवाया।

 

सेवा पथ की पूरी टीम, अमित जीवन, राजकुमार सोनी, चंदू माखीजा, राजेश वाधवानी एवं एक पहल की पूरी टीम, दीपक आसवानी, सागर दुलानी अपनी टीम के साथ, राजा बजाज और श्रीमती ऋषि बलवानी सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी आयोजन में शामिल हुए।

 

जागरण का सोशल मीडिया के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे हजारों श्रद्धालु घर बैठे माता के दर्शन कर कार्यक्रम से जुड़े। आयोजन को सफल बनाने में महिला समिति, युवा समिति तथा रायपुर, बिलासपुर और गोंदिया मंडल के सेवादारों का विशेष योगदान रहा। सेवादारों ने व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा।

 

धार्मिक आयोजन को समाचारों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के लिए बिलासपुर से ‘हमर संगवारी’ के संपादक विजय दुसेजा विशेष रूप से माढ़र पहुंचे। उन्होंने पूरे कार्यक्रम की कवरेज की। माता के दरबार में उन्हें आशीर्वाद प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर ने आयोजन की धार्मिक महत्ता के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता के संदेश को भी मजबूत किया।

 

मां संतोषी एवं मां वैभव लक्ष्मी धाम में आयोजित यह भव्य जागरण श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय रहा। भजनों की मधुर गूंज, देवी-देवताओं की दिव्य झांकियों, संत-महात्माओं के सान्निध्य और सेवादारों के सेवा-समर्पण ने नवरात्रि के इस आयोजन को विशेष बना दिया।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper