CM योगी का जनता दरबार: फरियादियों की समस्याएं सुन बोले- हर शिकायत का होगा त्वरित समाधान

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। शारदीय नवरात्र और विजयादशमी के दौरान लगातार तीन दिनों तक धार्मिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहने के बाद भी मुख्यमंत्री ने जन शिकायतों के समाधान को प्राथमिकता दी। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का जल्द और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शालू जिन्दल को ‘सीएसआर पर्सन ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड
फरियादियों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए निर्देश
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठे फरियादियों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए मामलों का निष्पक्षता के साथ जल्द समाधान करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनकल्याण और आम लोगों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रत्येक पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उसकी शिकायत का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर सख्ती
जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे और कमजोर लोगों को उनकी संपत्ति से बेदखल करने से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संपत्ति पर अवैध कब्जे के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, यदि विवाद पारिवारिक हो, तो संबंधित पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया जाए। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा
जनता दर्शन में कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें मदद का भरोसा दिलाया और अधिकारियों को उपचार के खर्च का अनुमान यानी एस्टीमेट जल्द तैयार कराकर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने जरूरतमंदों से आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली। जिन लोगों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं था, उनके कार्ड बनवाने की व्यवस्था करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया, ताकि पात्र लोगों को इलाज की सुविधा मिल सके।
बच्चों को चॉकलेट देकर पढ़ाई के लिए किया प्रेरित
जनता दर्शन में अपने बच्चों के साथ पहुंचीं महिलाओं से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री अपनी नियमित दिनचर्या के तहत गोरखनाथ मंदिर परिसर की गोशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश को दुलारा और अपने हाथों से रोटी-गुड़ खिलाया।
मंदिर परिसर में परिजनों के साथ आए बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट देकर अच्छी पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।

