राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जारी किया माता हासी देवी की 200 रुपये का स्मारक सिक्का, सिंधी समाज में खुशी

रायपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 22 अक्टूबर 2026 को रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पूज्य शदाणी दरबार के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी यह विशेष सिक्का सिंधी समाज की आध्यात्मिक विभूति माता साहिब हासी देवी के सम्मान में समर्पित है। उनके सम्मान में स्मारक सिक्का जारी किया जाना सिंधी समाज के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसे देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी लोगों के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।
सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी की छवि
इस स्मारक सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी की छवि अंकित की गई है। सिक्के के दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस पहल का उद्देश्य माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है। सिक्का जारी होने के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्रहकर्ता शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसकी बुकिंग कर सकेंगे।
संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया स्वागत उद्बोधन
कार्यक्रम की शुरुआत में पूज्य शदाणी दरबार, रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। समारोह में राज्यपाल की पत्नी श्रीमती रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना, वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य और देशभर से आए सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं रायपुर, CM विष्णुदेव साय ने किया भव्य स्वागत, जानें पूरा कार्यक्रम
माता हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी यह स्मारक सिक्का उनकी आध्यात्मिक विरासत और समाज के प्रति योगदान को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

