त्योहारी सीजन में नो-पार्किंग के विरुद्ध यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई
एक दिन में 527 वाहनों पर ई-चालानी कार्रवाई, अभियान लगातार जारी रहेगा

रायपुर। आगामी त्योहारी सीजन के दौरान राजधानी रायपुर के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर यातायात पुलिस द्वारा अव्यवस्थित पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात बाधित करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
प्रमुख बाजारों में विशेष अभियान
यातायात पुलिस द्वारा पुरानी बस्ती, मालवीय रोड, रायपुरा बाजार, महोबा बाजार, शारदा चौक, पचपेड़ी नाका, पंडरी कपड़ा मार्केट, तेलीबांधा बाजार क्षेत्र, तेलघानी नाका एवं आसपास के प्रमुख बाजार क्षेत्रों सहित शहर के विभिन्न व्यस्त मार्गों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारी खरीदारी के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ एवं वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
आज 527 वाहनों पर ई-चालानी कार्रवाई
अभियान के अंतर्गत आज नो-पार्किंग उल्लंघन के कुल 527 प्रकरणों में ई-चालानी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई आईटीएमए प्रणाली के माध्यम से पीओएस मशीन द्वारा की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर अव्यवस्था उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस की कार्रवाई के प्रमुख बिंदु
🔹 नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध ई-चालानी कार्रवाई।
🔹 मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों पर कार्रवाई।
🔹 सड़क के बीच बस रोककर सवारी चढ़ाने-उतारने तथा यातायात प्रभावित करने वालों पर कार्रवाई।
🔹 सर्विस रोड पर ट्रक एवं भारी वाहन खड़े कर आवागमन बाधित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई।
🔹 बाजार क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों
रायपुर यातायात पुलिस की आम नागरिकों से अपील
रायपुर यातायात पुलिस सभी वाहन चालकों, व्यापारियों, बस संचालकों एवं भारी वाहन चालकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। मुख्य मार्गों पर सफेद पट्टी के भीतर, नो-पार्किंग क्षेत्र में अथवा ऐसे स्थानों पर वाहन खड़ा न करें, जिससे अन्य वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो। बसों को बीच सड़क पर रोककर सवारी न चढ़ाएं-उतारें तथा सर्विस रोड पर ट्रक एवं भारी वाहन खड़े करने से बचें।
अभियान लगातार जारी रहेगा
त्योहारी सीजन के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन कर आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर यातायात पुलिस का उद्देश्य शहरवासियों को सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात उपलब्ध कराना है। अतः सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें तथा व्यवस्थित यातायात बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

