ड्रोन शो से जगमगाया अयोध्या का आसमान, 2100 ड्रोन्स से बनी प्रभु राम की भव्य आकृति

अयोध्या। जमघट के अवसर पर सोमवार शाम अयोध्या में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया। इस दौरान 2100 स्वदेशी ड्रोन्स ने आसमान में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की विशाल आकृतियां बनाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस विशेष शो में रामायण के प्रमुख प्रसंगों को रंगीन रोशनी और संगीत के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
2100 ड्रोन्स से साकार हुए रामायण के प्रसंग
दीपोत्सव के मुख्य आयोजन के दौरान 7 नवंबर को भी ड्रोन शो प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद जमघट के अवसर पर अयोध्यावासियों के लिए एक बार फिर इस आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
करीब 2100 ड्रोन्स ने एक साथ उड़ान भरकर आसमान में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की भव्य आकृतियां बनाईं। इसके साथ ही रावण वध, पुष्पक विमान और भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी के दृश्य भी दिखाए गए। राम दरबार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की आकृतियां शो के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहीं।
न्यायमूर्ति बबीता रानी भी रहीं मौजूद
इस भव्य आयोजन को देखने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ की न्यायमूर्ति बबीता रानी समेत कई गणमान्य अतिथि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने आसमान में आधुनिक तकनीक के जरिए प्रस्तुत रामायण के प्रसंगों का आनंद लिया।
भारतीय रेलवे ने विशेष अभियान 6 सफलतापूर्वक पूरा किया, 1 लाख से अधिक स्वच्छता अभियान चलाए गए
महर्षि वाल्मीकि और तुलसीदास की आकृतियां भी दिखीं
ड्रोन शो में रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि और रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास को भी विशेष स्थान दिया गया। संगीत और कथावाचन के साथ अलग-अलग आकृतियों के जरिए रामायण की घटनाओं को क्रमवार प्रदर्शित किया गया।
रंगीन रोशनी, संगीत और आधुनिक ड्रोन तकनीक के अनूठे संगम ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। दीपोत्सव के दौरान देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा यह शो जमघट पर स्थानीय लोगों के लिए एक बार फिर खास अनुभव लेकर आया। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की इस पहल से अयोध्या में उत्सव का माहौल और भी भव्य हो गया।

