देश-विदेश

PM मोदी ने राष्ट्रपति जेलेंस्की से की फोन पर बातचीत, रूस-यूक्रेन युद्ध समेत कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध के ताजा हालात और भारत-यूक्रेन के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई। बातचीत में संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान और विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी को रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़े हालिया घटनाक्रम की जानकारी दी और इस पर अपना पक्ष रखा। इसके जवाब में पीएम मोदी ने भारत के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण को दोहराते हुए कहा कि किसी भी संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही संभव है।

एमपी में हर साल तैयार होंगे गोवंश के 1 लाख भ्रूण, CM मोहन यादव ने गौ-माता को लेकर कही बड़ी बात

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों में सहयोग देने को तैयार है। उन्होंने शांति स्थापित करने के लिए संवाद और कूटनीतिक पहल को महत्वपूर्ण बताया।

दोनों नेताओं ने भारत और यूक्रेन के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार किया। साथ ही दोनों देशों के नागरिकों के पारस्परिक हितों को ध्यान में रखते हुए आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई।

कीव पर रूस का बड़ा हमला, 9 लोग घायल

प्रधानमंत्री मोदी और जेलेंस्की के बीच यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब रूस और यूक्रेन के बीच सैन्य संघर्ष लगातार जारी है। शनिवार तड़के रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई इलाकों पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इन हमलों में एक बच्चे समेत कम से कम 9 लोग घायल हो गए।

हमले में कई आवासीय इमारतों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा बिजली और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई। यह हमला ऐसे वक्त हुआ है, जब यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए रूस और अमेरिका के साथ नए सिरे से बातचीत की तैयारी कर रहा है।

रूस ने दागीं 36 बैलिस्टिक मिसाइलें, 172 ड्रोन से भी हमला

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को बताया कि रूस ने रातभर में कीव और आसपास के क्षेत्रों पर 36 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इसके अलावा कीव सहित यूक्रेन के 12 अन्य क्षेत्रों में 172 ड्रोन से हमले किए गए।

जेलेंस्की ने रूस पर महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने का आरोप लगाया। वहीं, कीव के मेयर विताली क्लित्स्को के मुताबिक, कीव और झितोमिर क्षेत्रों में ऊर्जा प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा है। हमलों के कारण शहर की जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

सुरक्षा कारणों से नीप्रो नदी के पूर्वी तट पर स्थित बड़े रिहायशी इलाकों को जोड़ने वाले 816 मीटर लंबे नॉर्दर्न ब्रिज को भी बंद करना पड़ा।

धमाकों से सहमे लोग, बच्चों की उड़ गई नींद

रूसी हमलों के दौरान कीव में रहने वाली 64 वर्षीय कातेरिना कोर्निचुक अपनी पोती के साथ घर पर थीं। उन्होंने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि पहले विस्फोट के तेज झटके से वह और उनके परिजन दीवार से टकरा गए।

उन्होंने बताया कि लगातार धमाकों के कारण लोगों को न तो ठीक से नींद मिल पा रही है और न ही शांति। बच्चे भी डर के कारण सो नहीं पा रहे हैं। उन्होंने बच्चों की परेशानी का जिक्र करते हुए कहा कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया है, जो उन्हें इस तरह के हालात का सामना करना पड़ रहा है।

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में ठंड ने दी दस्तक, कई शहरों में लुढ़का पारा, अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

मंगलवार को अबू धाबी में होगी चौथे दौर की त्रिपक्षीय वार्ता

इसी बीच रूस, यूक्रेन और अमेरिका के प्रतिनिधि मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में बैठक करेंगे। युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से होने वाली यह चौथे दौर की त्रिपक्षीय वार्ता होगी।

इस बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। अब सभी की नजरें इस बैठक पर टिकी हैं कि क्या बातचीत के जरिए रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कोई ठोस रास्ता निकल पाएगा।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper