छत्तीसगढ़

रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के 3 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान, कल दिल्ली में राष्ट्रपति देंगी पुरस्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार के लिए किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है।

CM विष्णुदेव साय ने पत्नी कौशल्या साय के साथ की गौ माता की पूजा, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की कामना

दिल्ली में आयोजित होगा सम्मान समारोह

राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले इस समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल शामिल होंगे। इनके साथ चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे शुरू होगा। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी समारोह में शामिल होंगे।

नागरिकों की भागीदारी को दिया गया महत्व

स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में शहरों की स्वच्छता व्यवस्था के मूल्यांकन में नागरिकों की भागीदारी को अधिक महत्व दिया गया है। इस बार आम लोगों के फीडबैक का वेटेज बढ़ाया गया है। नागरिक ऐप, पोर्टल और क्यूआर कोड के माध्यम से पूरे साल सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं।

3 हजार से अधिक मूल्यांकनकर्ता करेंगे जांच

इस बार देशभर में 3 हजार से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं के जरिए 45 दिनों तक मैदानी सर्वेक्षण किया जाएगा। शहरों में स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रबंधन से जुड़े दावों की जांच के लिए GPS आधारित डिजिटल निगरानी भी की जाएगी। इससे जमीनी स्तर पर स्वच्छता कार्यों का आकलन किया जाएगा।

सफाई मित्रों को भी मिलेगा सम्मान

समारोह में प्रत्येक चयनित शहर से चार प्रतिनिधि पुरस्कार ग्रहण करेंगे। इनमें सफाई मित्रों के अलावा स्वच्छता निरीक्षक, पर्यवेक्षक और अभियंता शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीनों शहरों के चयन पर नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों की मेहनत और आम लोगों की भागीदारी को दिया।

IND vs NZ: बारिश ने धोया हैमिल्टन वनडे, बिना गेंद फेंके रद्द हुआ मुकाबला, सीरीज में भारत की अजेय बढ़त बरकरार

पिछले सर्वेक्षण में बिल्हा को मिला था पहला स्थान

छत्तीसगढ़ के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में बिलासपुर जिले की बिल्हा नगर पंचायत ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया था। अब रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन प्रदेश के स्वच्छता अभियान के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper