फेयरफैक्स के सीओओ ने कहा, आईडीबीआई बैंक में वैश्विक पहुंच वाला भारत का सर्वश्रेष्ठ यूनिवर्सल बैंक बनने की क्षमता

मुंबई : कनाडा की निवेश कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स के अध्यक्ष एवं मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) पीटर क्लार्क ने कहा है कि आईडीबीआई बैंक में वैश्विक पहुंच वाला भारत का सर्वश्रेष्ठ यूनिवर्सल बैंक बनने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि इससे भारत का ऋण-जीडीपी अनुपात बढ़ाने और आम नागरिकों के जीवन में बदलाव लाने में मदद मिलेगी।
फेयरफैक्स के नेतृत्व में अरबपति निवेशक प्रेम वत्स की कंपनी ने आईडीबीआई बैंक में 60.72 प्रतिशत नियंत्रक हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए 81 रुपये प्रति शेयर की बोली लगाई है। इस सौदे का कुल मूल्य 52,878 करोड़ रुपये है। यह बोली सरकार के स्वतंत्र मूल्यांकन के लिए निर्धारित 75.99 रुपये प्रति शेयर के मानक से अधिक है।
सावधान! कहीं आपके पास भी तो नहीं है नकली 20 रुपये का सिक्का? RBI के इन नियमों से करें पहचान
फेयरफैक्स की पेशकश 31 मार्च, 2026 तक आईडीबीआई बैंक के 51.85 रुपये प्रति शेयर के नियामकीय बुक वैल्यू से करीब 56 प्रतिशत प्रीमियम पर है। यह उस समय के 70.38 रुपये के शेयर बाजार भाव से भी लगभग 15 प्रतिशत अधिक है, जब अंतिम बोलियां आमंत्रित की गई थीं।
फेयरफैक्स के अध्यक्ष एवं सीओओ पीटर क्लार्क ने कहा, ”हमारा मानना है कि आईडीबीआई में वैश्विक पहुंच वाला भारत का सर्वश्रेष्ठ यूनिवर्सल बैंक बनने की क्षमता है। इससे भारत का ऋण-जीडीपी अनुपात बढ़ाने और आम नागरिकों के जीवन को बदलने में मदद मिलेगी।”
उन्होंने कहा कि फेयरफैक्स की नीति के अनुसार कंपनी अपने जारी लेनदेन पर टिप्पणी नहीं करती है।
इस प्रस्तावित अधिग्रहण से फेयरफैक्स को आईडीबीआई बैंक का प्रबंधन नियंत्रण मिलेगा, जबकि केंद्र सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की संयुक्त रूप से 34 प्रतिशत हिस्सेदारी बनी रहेगी। इस तरह सरकार और LIC भी बैंक की भविष्य की वृद्धि में भागीदार बने रहेंगे।
बैंक को व्यापक वित्तीय सेवा मंच बनाने की योजना
फेयरफैक्स की योजना आईडीबीआई बैंक को केवल एक बैंकिंग संस्थान तक सीमित रखने के बजाय एक विविधीकृत वित्तीय सेवा समूह के रूप में विकसित करने की है। इसके तहत कंपनी Go Digit General Insurance, Go Digit Life Insurance और Fairfax India Holdings की IIFL Capital Services में हिस्सेदारी को आईडीबीआई बैंक के साथ जोड़ने की योजना बना रही है।
इस एकीकरण से बैंकिंग, जीवन बीमा, सामान्य बीमा, निवेश बैंकिंग और वेल्थ मैनेजमेंट सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की संभावनाएं बनेंगी।
इस रणनीति का उद्देश्य आईडीबीआई बैंक के मौजूदा ग्राहक आधार और बैंकिंग नेटवर्क का इस्तेमाल करते हुए बीमा, निवेश बैंकिंग और संपत्ति प्रबंधन से जुड़े उत्पादों की क्रॉस-सेलिंग करना है। इससे बैंक के राजस्व के स्रोतों में विविधता आएगी और भारतीय वित्तीय सेवा बाजार में उसकी प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत होगी।
यह मॉडल भारतीय स्टेट बैंक, ICICI बैंक, HDFC बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक जैसे प्रमुख वित्तीय संस्थानों के विविधीकृत कारोबारी ढांचे की तर्ज पर होगा।

