UP News: योगी सरकार का युवाओं को बड़ा तोहफा, 25 लाख छात्रों को मिलेंगे फ्री टैबलेट, 15 नवंबर से वितरण शुरू

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को डिजिटल शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत प्रदेश के 25 लाख युवाओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 नवंबर को लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल से इस अभियान की शुरुआत करेंगे।
पहले चरण में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे। इसके बाद प्रदेश के अन्य जिलों में भी वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सरकार ने 26 जनवरी तक एक लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
25 लाख टैबलेट की खरीद पूरी
यूपीडेस्को के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, सरकार ने योजना के तहत वितरण के लिए 25 लाख टैबलेट खरीद लिए हैं। इनका वितरण विभिन्न विभागों से जुड़े विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के पात्र विद्यार्थियों को किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ना और उनकी पढ़ाई के साथ कौशल विकास को बढ़ावा देना है।
कई विभागों के विद्यार्थी उठा सकेंगे लाभ
इस योजना में उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास विभाग के संस्थानों को शामिल किया गया है। इसके अलावा चिकित्सा शिक्षा, कृषि शिक्षा, एमएसएमई, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पशुधन और संस्कृति विभाग के पात्र विद्यार्थी भी इसका लाभ उठा सकेंगे। प्रदेश में संचालित केंद्रीय विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी योजना के दायरे में होंगे।
उम्र और आय की कोई बाध्यता नहीं
सरकार ने योजना का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों के लिए आय और उम्र से जुड़ी कोई सीमा निर्धारित नहीं की है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं तक डिजिटल सुविधाएं पहुंचाना है। टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, शैक्षणिक सामग्री और रोजगार से संबंधित जानकारी हासिल करने में सहूलियत होगी।
टैबलेट में मिलेंगे ये फीचर्स
योजना के तहत खरीदे गए टैबलेट में 3 जीबी रैम और 8 इंच का डिस्प्ले दिया गया है। इनमें 1.8 GHz क्वाड-कोर प्रोसेसर और 32 जीबी इंटरनल स्टोरेज मिलेगा। कैमरे की बात करें तो डिवाइस में 5 मेगापिक्सल का रियर और 2 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
सरकार का मानना है कि इस योजना से प्रदेश के लाखों युवाओं को डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जुड़े अवसरों का लाभ मिलेगा।

