नक्सलवाद खत्म, बस्तर से हटेगी फोर्स! गृहमंत्री बोले- अब सुरक्षा बलों की जरूरत नहीं, 1000 जवान मणिपुर जाएंगे

कवर्धा। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में मिली सफलता के बाद अब बस्तर में तैनात केंद्रीय सुरक्षा बलों की वापसी शुरू हो गई है। लंबे समय से क्षेत्र में तैनात CRPF जवानों को दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, एक हजार से अधिक जवानों को मणिपुर में तैनात किया जाएगा। इसके अलावा आने वाले एक महीने में कुछ और बटालियनों की भी बस्तर से वापसी हो सकती है।
अब जशपुर की बेटियां बनेंगी नर्सिंग प्रोफेशनल, CM साय ने प्रदेश के पहले कौशल कॉलेज की दी सौगात
गृहमंत्री विजय शर्मा ने क्या कहा?
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब केंद्रीय सुरक्षा बलों की पहले जैसी आवश्यकता नहीं रह गई है। राज्य में बदली सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए बस्तर में तैनात जवानों को दूसरे स्थानों पर भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि नक्सल विरोधी अभियान में मिली सफलता के बाद सुरक्षा बलों की तैनाती में बदलाव किया जा रहा है।
पहले भी दूसरे राज्यों में भेजे गए जवान
गृहमंत्री ने बताया कि बस्तर से केंद्रीय सुरक्षाबलों को दूसरे राज्यों में भेजने की प्रक्रिया पहले भी जारी रही है। अब नक्सली गतिविधियों में कमी और सुरक्षा परिस्थितियों में आए बदलाव के आधार पर फोर्स की तैनाती की समीक्षा की जा रही है। गौरतलब है कि नक्सलवाद के खिलाफ लंबे समय तक चले अभियान में CRPF और अन्य केंद्रीय सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आने वाले दिनों में कुछ और बटालियनों की वापसी से बस्तर में सुरक्षा बलों की तैनाती का स्वरूप बदल सकता है।

