छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती को मिली हरी झंडी, हाईकोर्ट ने हटाई रोक; 2,292 पदों पर होगी परीक्षा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भर्ती परीक्षा पर लगी रोक हटा दी है। इसके साथ ही प्रदेश में 2,292 पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षा का रास्ता साफ हो गया है। लंबे समय से कानूनी अड़चनों के कारण प्रभावित हो रही भर्ती प्रक्रिया अब आगे बढ़ सकेगी। कोर्ट के इस कदम से परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिली है।
मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच में हुई। याचिकाकर्ताओं ने राज्य शासन की ओर से जारी भर्ती विज्ञापन में आरक्षण रोस्टर और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित शर्तों को चुनौती दी थी।
याचिकाकर्ताओं का कहना था कि भर्ती प्रक्रिया में पूर्णतः दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया है। उन्होंने दलील दी कि सामान्य प्रशासन विभाग और समाज कल्याण विभाग की ओर से जारी सर्कुलर में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण के प्रावधान तय किए गए हैं। इसके बावजूद भर्ती विज्ञापन में पूर्णतः दृष्टिबाधित उम्मीदवारों को आरक्षण प्रक्रिया से बाहर रखा गया। इसे संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी।
कोर्ट के निर्देश पर दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को मिला आवेदन का मौका
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने भर्ती पोर्टल खोलकर पूर्णतः दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को आवेदन करने का अवसर दिया था। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी की गई।
इस भर्ती परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी कर्मचारी चयन आयोग को दी गई थी। पहले सहायक शिक्षक पद के लिए परीक्षा 11 अक्टूबर और शिक्षक पद के लिए 25 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। हालांकि, कानूनी विवाद के चलते परीक्षा कार्यक्रम प्रभावित हो गया था।
2,292 पदों पर होनी है नियुक्ति
हाईकोर्ट से रोक हटने के बाद अब छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं शिक्षक भर्ती 2026 के तहत 2,292 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। विभाग की ओर से पहले घोषित नई परीक्षा तिथियों के अनुसार ही परीक्षा आयोजित की जाएगी।
पटवारियों की हड़ताल बेअसर, छत्तीसगढ़ में निर्बाध जारी है धान खरीदी
भर्ती के तहत पदों का वर्गीकरण इस प्रकार है:
- ई-संवर्ग: 795 पद
- टी-संवर्ग: 1,497 पद
- कुल पद: 2,292
अब अभ्यर्थियों को परीक्षा की नई तारीखों और आगे की प्रक्रिया से जुड़ी आधिकारिक सूचना का इंतजार है।

