पीएम मोदी ने SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का किया उद्घाटन, बोले- वैश्विक शांति के लिए सहयोग जरूरी

नई दिल्ली। दुनिया के कई हिस्सों में जारी युद्ध, तनाव और अस्थिरता के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक शांति का संदेश दिया है। नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए सभ्यताओं के बीच संवाद और सांस्कृतिक जुड़ाव बेहद जरूरी है। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भौगोलिक और राजनीतिक सीमाएं लोगों को अलग कर सकती हैं, लेकिन संस्कृति, विचार और मानवीय रिश्ते पूरी दुनिया को जोड़ने की ताकत रखते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और अशांति की चर्चा हो रही है, वहीं भारत में सभ्यताओं के संवाद और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपसी संवाद और सांस्कृतिक सहयोग ही दुनिया को स्थायी शांति की दिशा में आगे ले जा सकते हैं।
राडा का भव्य दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न
प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देती है भारतीय संस्कृति
पीएम मोदी ने कहा कि पुराना किला जैसी ऐतिहासिक धरोहर में इस कार्यक्रम का आयोजन अपने आप में विशेष महत्व रखता है। यह केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता के साझा मूल्यों और विरासत का उत्सव है।
उन्होंने कार्यक्रम में प्रस्तुत वेद मंत्रों के पाठ, बौद्ध दर्शन पर आधारित प्रस्तुतियों और भगवान हनुमान की यात्रा से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन प्रस्तुतियों में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के साथ प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश भी दिखाई देता है। ये मूल्य सदियों पुराने होने के बावजूद आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं।
प्रधानमंत्री ने पुराना किला के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि विद्वानों के अनुसार इसका संबंध महाभारत काल से माना जाता है। उन्होंने कहा कि साम्राज्यों ने भले ही दुनिया के नक्शे बदले हों, लेकिन सभ्यताओं के बीच संवाद ने लोगों की सोच को बदला और मानव समाज को समृद्ध बनाया है। ऐसे में SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम दुनिया को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बन सकता है।
5 हजार साल पुराने व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों का किया जिक्र
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों के बीच प्राचीन व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों की चर्चा भी की। उन्होंने बताया कि करीब 5 हजार साल पहले सिंधु घाटी सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक संपर्क मौजूद थे।
समय के साथ इन संपर्क मार्गों का विस्तार हुआ और भारत, चीन, मध्य एशिया सहित यूरेशिया के कई क्षेत्र एक-दूसरे से जुड़े। इन रास्तों से केवल व्यापारी ही नहीं, बल्कि विद्वान, संत और बौद्ध भिक्षु भी यात्रा करते थे। उनके माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में विचारों, भाषाओं, ज्ञान और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ।
आज भी उतना ही जरूरी है आपसी सहयोग
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया इंटरनेशनल कोलैबोरेशन और पीपल-टू-पीपल कनेक्ट की बात करती है, लेकिन हमारे पूर्वज सदियों पहले ही इन विचारों को अपने जीवन में अपना चुके थे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया कई तरह की चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में देशों और सभ्यताओं के बीच संवाद बढ़ाना, सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना और लोगों के बीच आपसी विश्वास कायम करना पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है। प्रधानमंत्री के अनुसार, साझा विरासत और मानवीय मूल्यों के आधार पर ही वैश्विक स्तर पर शांति और सहयोग का मजबूत रास्ता तैयार किया जा सकता है।

