छत्तीसगढ़

CG News: किसानों के लिए राहत की खबर, फसल कटाई के बाद भी मिलेगा बीमा क्लेम, नुकसान की सूचना 72 घंटे में देना जरूरी

रायगढ़। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान का दावा करने वाले किसानों के लिए राहत की खबर है। अब बीमा क्लेम लेने के बाद भी किसान धान खरीदी केंद्रों में अपनी बची हुई उपज बेच सकेंगे। फसल क्षति का दावा प्रस्तुत करने या बीमा की क्षतिपूर्ति राशि मिलने से किसानों के धान बेचने के अधिकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वे अपनी शेष उपज कृषि उपज मंडियों और समितियों में निर्धारित नियमों के अनुसार बेच सकेंगे।

उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों से अपील की है कि प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होने पर किसी तरह के भ्रम में न रहें। किसान समय रहते बीमा कंपनी को इसकी सूचना दें और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना दावा दर्ज कराएं।

डोनाल्ड ट्रंप ने की भारतीय अर्थव्यवस्था की तारीफ, अमेरिकी फेड रिजर्व पर उठाए सवाल

72 घंटे के भीतर देनी होगी फसल नुकसान की सूचना

कृषि विभाग के अनुसार, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत चक्रवात, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि जैसी स्थानीय प्राकृतिक आपदाओं से फसल को हुए नुकसान पर बीमा सुरक्षा का प्रावधान है। इसके लिए प्रभावित किसान को घटना के 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को सूचना देना अनिवार्य है।

शिकायत दर्ज कराते समय किसानों को प्रभावित फसल, नुकसान की मात्रा और क्षति के कारण की जानकारी स्पष्ट रूप से देनी होगी। इसके लिए बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 1800-419-0344 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा स्थानीय कृषि एवं राजस्व अधिकारियों या संबंधित बैंक को भी नुकसान की जानकारी दी जा सकती है।

किसान हेल्पलाइन नंबर 14447 और संबंधित पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित समय में सूचना देने से फसल नुकसान के आकलन और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

कटाई के बाद खेत में रखी फसल भी बीमा के दायरे में

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत केवल खेत में खड़ी फसल को ही सुरक्षा नहीं मिलती, बल्कि कटाई के बाद खेत में सुखाने के लिए रखी गई फसल भी कुछ निर्धारित परिस्थितियों में बीमा के दायरे में आती है।

योजना के प्रावधानों के अनुसार, अधिसूचित फसल की कटाई के बाद उसे खेत में फैलाकर सुखाने या बंडलों में रखने के दौरान चक्रवात और बेमौसम बारिश से नुकसान होने पर भी किसान क्षतिपूर्ति के पात्र हो सकते हैं। इससे उन किसानों को राहत मिलेगी, जिनकी कटी हुई फसल खेत में रखी है और अचानक मौसम खराब होने से उपज प्रभावित हो जाती है।

48 घंटे में नियुक्त होगा सर्वेयर, 10 दिन में होगा आकलन

कृषि विभाग के मुताबिक, फसल नुकसान की सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी 48 घंटे के भीतर सर्वेयर नियुक्त करेगी। सर्वेयर द्वारा 10 दिनों के भीतर नुकसान का आकलन पूरा किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर 15 दिनों के भीतर पात्र किसानों के बैंक खातों में क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

न्यूजीलैंड में भारतीय बल्लेबाजों का ऐतिहासिक कारनामा, 94 साल में पहली बार विदेश में बना ऐसा रिकॉर्ड

बीमा क्लेम लेने पर धान बेचने में नहीं होगी परेशानी

उप संचालक कृषि ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत दावा करने वाले किसानों को धान खरीदी से वंचित नहीं किया जाएगा। बीमा क्लेम प्रस्तुत करने या क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त करने के बाद भी किसान अपनी बची हुई उपज को कृषि उपज मंडियों और समितियों में नियमानुसार बेच सकेंगे। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि फसल नुकसान होने पर 72 घंटे की समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper