CG Weather Update: मौसम का बदलेगा मिजाज! अगले 2 दिनों में 4 डिग्री तक गिरेगा पारा, रात में बढ़ेगी ठिठुरन

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में नवंबर के आखिरी दिनों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। सुबह और रात के समय ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में गर्मी का असर बना हुआ है। कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने से दृश्यता भी प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे रात के समय ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, आने वाले दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 नवंबर तक रायपुर का न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।
सुकमा में सबसे ज्यादा तापमान, पेंड्रा रोड रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान सुकमा में सबसे अधिक 32.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
सरगुजा में घने कोहरे का अलर्ट
सरगुजा जिले के एक-दो स्थानों पर बुधवार सुबह घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा बढ़ेगी ठंड
प्रदेश के सभी हिस्सों में ठंड का असर एक समान नहीं रहेगा। उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। वहीं, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में फिलहाल तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
CG Jobs 2026: छत्तीसगढ़ के 5 जिलों में नौकरी का मौका, जानें योग्यता और आवेदन की प्रक्रिया
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है और न ही किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी की गई है। अगले दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है।

