रायपुर में 8 जनवरी से सजेगा साहित्य का महाकुंभ, CM विष्णुदेव साय ने किया साहित्य उत्सव-2027 के लोगो और पोस्टर का विमोचन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक, सांस्कृतिक और वैचारिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए राजधानी रायपुर में एक बार फिर साहित्य का महाकुंभ आयोजित होने जा रहा है। रायपुर साहित्य उत्सव-2027 का आयोजन 8 से 10 जनवरी तक नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ साहित्यकारों और प्रबुद्धजनों की मौजूदगी में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस बार महोत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है।
साहित्य और संस्कृति को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं के मामले में समृद्ध प्रदेश है। यहां की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में प्रदेश के जनजीवन और सामाजिक मूल्यों की झलक मिलती है।
उन्होंने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ की इस समृद्ध विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। साथ ही यह आयोजन साहित्यिक संवाद, रचनात्मक अभिव्यक्ति और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
पिछले आयोजन की सफलता के बाद इस बार होगा भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर सीमित समय में रायपुर साहित्य उत्सव आयोजित किया गया था। साहित्यकारों, आयोजन समिति और सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन सफल रहा और देशभर में इसकी चर्चा हुई।
उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी साहित्यकारों और सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि इस बार महोत्सव को और अधिक व्यापक तथा भव्य स्वरूप दिया जाएगा। उनका प्रयास है कि रायपुर साहित्य उत्सव देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी अलग पहचान बनाए।
जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य को मिलेगा विशेष महत्व
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी जैसी भाषाओं में लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्य की अनमोल विरासत मौजूद है।
इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण और संरक्षण जरूरी है। साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुख स्थान दिया जाना चाहिए।
‘युवा भारत’ होगी इस बार की थीम
रायपुर साहित्य उत्सव-2027 की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है। मुख्यमंत्री ने इसे वर्तमान समय के लिहाज से प्रासंगिक बताते हुए कहा कि यह थीम देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता, विचारों की बहुलता और साझा भविष्य के संकल्प को दर्शाती है।
WhatsApp का बड़ा अपडेट! अब पहले से शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज, तय समय पर अपने आप होगा डिलीवर
आठ सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन
रायपुर साहित्य उत्सव-2027 के बेहतर आयोजन के लिए आठ सदस्यीय सलाहकार समिति गठित की गई है। इसमें मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा और मुख्यमंत्री के प्रेस ऑफिसर आलोक सिंह को शामिल किया गया है।
इसके अलावा प्रख्यात साहित्यकार एवं स्तंभकार अनंत विजय, पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर और साहित्य परिषद दिल्ली के मनोज कुमार को भी समिति में नामांकित किया गया है।
रायपुर साहित्य उत्सव के जरिए छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक मंच देने के साथ ही देशभर के साहित्यकारों, विचारकों और युवाओं को एक साथ जोड़ने की तैयारी है।

