2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत का बड़ा कदम, IOC के सामने पेश किया अहमदाबाद का विजन

भारत में ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी का सपना साकार करने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं। साल 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों की मेजबानी हासिल करने के लिए भारत ने इंटरनेशनल ओलंपिक समिति (IOC) के सामने अपना रोडमैप पेश किया है। 26 नवंबर को IOC के फ्यूचर होस्ट कमीशन के साथ हुई ऑनलाइन बैठक में भारत ने खेल सुविधाओं के विकास, प्रस्तावित आयोजन स्थलों और मेजबानी से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान संभावित मेजबान शहर अहमदाबाद की तैयारियों और क्षमताओं को प्रमुखता से रखा गया।
भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के मुताबिक, भारत की ओर से दी गई प्रस्तुति लगभग 30 मिनट तक चली। इसके बाद IOC के फ्यूचर होस्ट कमीशन के नौ सदस्यों के साथ करीब 20 मिनट तक चर्चा हुई। इस कमीशन की अध्यक्षता कोलिंडा ग्राबर-कितारोविच कर रही हैं।
प्रस्तुति के दौरान अहमदाबाद में उपलब्ध खेल बुनियादी ढांचे, प्रस्तावित स्पोर्ट्स वेन्यू और भविष्य में उनके विकास की योजनाओं का विवरण दिया गया। इसके साथ ही केंद्र सरकार, गुजरात सरकार और अहमदाबाद प्रशासन की ओर से भारतीय ओलंपिक संघ को मिल रहे सहयोग की जानकारी भी साझा की गई। भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी के अपने अनुभव और 2036 ओलंपिक के लिए बनाई गई दीर्घकालिक योजनाओं को भी सामने रखा।
सात देशों के बीच है मेजबानी की होड़
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत को कई देशों से प्रतिस्पर्धा मिल रही है। इस दौड़ में भारत के अलावा जर्मनी, हंगरी, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये शामिल हैं। कुल सात देश इस आयोजन की मेजबानी में रुचि दिखा चुके हैं। जानकारी के मुताबिक, तुर्किये फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने अपनी पहली प्रस्तुति दे चुका है।
दिसंबर में IOC कराएगा गुमनाम सर्वे
भारत की दावेदारी के लिए दिसंबर का महीना महत्वपूर्ण हो सकता है। जानकारी के अनुसार, IOC दिसंबर के तीसरे सप्ताह में एक गुमनाम सर्वे कराने की तैयारी में है। इसके जरिए भारत में ओलंपिक की मेजबानी को लेकर आम लोगों की राय जानी जाएगी।
इस सर्वे के नतीजे अगले साल मार्च में भारत की दावेदारी के मूल्यांकन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके बाद स्ट्रैटेजिक डायलॉग की प्रक्रिया शुरू होगी। इस चरण में मेजबानी के इच्छुक देशों को फ्यूचर होस्ट प्रश्नावली का शुरुआती जवाब देना होगा। साथ ही आयोजन के लिए आवश्यक वित्तीय गारंटी भी प्रस्तुत करनी होगी।
भारत की ओर से ये प्रमुख हस्तियां रहीं शामिल
26 नवंबर को हुई ऑनलाइन बैठक में भारत की ओर से केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल सचिव हरि रंजन राव, भारतीय ओलंपिक संघ की निवर्तमान अध्यक्ष पीटी उषा, IOC में भारत की प्रतिनिधि नीता अंबानी और IOA एथलीट्स कमीशन की प्रमुख एवं बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु शामिल हुईं।
छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड, अंबिकापुर में 9.2 डिग्री पहुंचा पारा; अगले 5 दिन राहत के आसार नहीं
इसके अलावा गुजरात के खेल मंत्री हर्ष सांघवी और IOA के CEO रघुराम अय्यर समेत कई अन्य अधिकारी भी बैठक का हिस्सा बने। भारत की इस प्रस्तुति को 2036 ओलंपिक की मेजबानी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

