धमतरी जिले में 3.55 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के लिए 8 करोड़ 46 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल धमतरी जिले के नवागांव (थूहा) से मरौद पुल मार्ग तक 3.55 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य के लिए 8 करोड़ 46 लाख 44 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। वित्त विभाग की सहमति के पश्चात राज्य शासन ने निर्धारित शर्तों के साथ निर्माण कार्य को स्वीकृति दी है।
स्वीकृत राशि के तहत निर्माण कार्य तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने, आवश्यक डिजाइन एवं ड्राइंग का सक्षम अधिकारी से अनुमोदन तथा नियमानुसार निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रारंभ किया जाएगा। निर्माण कार्य के लिए निविदा कम से कम 90 प्रतिशत बाधारहित भूमि उपलब्ध होने पर ही आमंत्रित की जाएगी। साथ ही भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता होने पर स्वीकृत राशि की सीमा में ही नियमानुसार व्यय किया जाएगा।
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, सरगुजा संभाग में 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
शासन ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निविदा प्रक्रिया निष्पक्ष रखने, पर्याप्त प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने, स्वीकृत बजट सीमा के भीतर व्यय करने तथा निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही निर्माण सामग्री एवं कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

