अपराध
Trending

 छतरपुर से सतना जा रही बस में लूट, हथियार लिए दो बदमाश यात्रियों से जेवर और कैश छीनकर फरार

छतरपुर । छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दो हथियार लिए बदमाशों ने छतरपुर से सतना जा रही बस में लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कट्टे की दम पर महिलाओं के जेवर छीन लिए।वारदात राजनगर थाना क्षेत्र में कूटने डैम के पास की है। जहां बदमाशों ने बस को सवारियों की तरह रोका। बाद में लूट पाट की घटना को अंजाम दिया। बदमाश बाइक से आए थे और फायरिंग करते हुए बस में घुस गए।

जानकारी के मुताबिक वारदात राजनगर थाना क्षेत्र में कूटने डैम के पास शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे छतरपुर के लवकुश नगर से सतना जा रही बस को सवारियों की तरह हाथ देकर रुकवाया और बस में चढ़ गए। बदमाशों ने बस में चढ़कर कट्‌टा लहराया और यात्रियों से पैसे-गहने छीन लिए। बस में 20 यात्री थे। लूट के दौरान बदमाशों ने तीन हवाई फायर किए और मौके पर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए।

ड्राइवर किशोरी कुशवाहा बताया कि दोनों लुटेरों ने हाथ दिया तो हमने सवारी समझकर बस रोक दी। वे दोनों बस में चढ़ आए। अचानक एक ने कट्‌टा निकाल लिया। वे गाली-गलौज करते हुए फोन न करने की धमकी देने लगे। आगे की सीट पर बैठी महिलाओं से जेवर और कैश छीन लिया। विरोध करने पर कट्‌टे से हवाई फायर किए। कंडक्टर समीर अली ने बताया कि आखिरी में लुटेरे मेरे पास आए और कैश लेकर खेत की तरफ भाग गए। हमने उतरकर देखा तो उनकी बाइक वहीं खड़ी थी। उसका नंबर नोट कर हम थाने में शिकायत करने पहुंचे।

यात्रियों ने पुलिस को बताया कि लुटेरे प्लेटिना बाइक पर आए थे। एक बदमाश ने कट्‌टा दिखाया जबकि दूसरा हमें धमकाकर जेवर, कैश और मोबाइल छीनने लगा। उसने एक बच्चे से हाथ से 50 रुपए भी छीन लिए। एक महिला यात्री ने बताया कि मैं राजनगर जाने के लिए बस में चढ़ी थी। लुटेरों ने मेरा मंगलसूत्र, मेरी बेटी की सोने की चेन और मेरे पास रखे 20 हजार रुपए छीन लिए। रुपए मैंने बेटी के इलाज के लिए रखे थे। छतरपुर एसपी आगम जैन ने बताया कि खजुराहो एसडीओपी सलिल शर्मा और राजनगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ शर्मा मौके पर है। यात्रियों से पूछताछ कर रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper