खेल

केएल राहुल ने इंडिया B के खिलाफ ठोका अर्धशतक

नई दिल्‍ली। अगले हफ्ते के अंत में बांग्‍लादेश टीम भारत का दौरा करेगी। इस दौरान भारत और बांग्‍लादेश के बीच पहले 2 टेस्‍ट मैच और फिर 3 टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज की लिए अभी तक भारतीय टीम का एलान नहीं हुआ है। हालांकि, टेस्‍ट सीरीज में विकेटकीपर कौन होगा, इसको लेकर सिलेक्‍टर्स की टेंशन बढ़ गई है। दलीप ट्रॉफी 2024 में ऋषभ पंत के बाद केएल राहुल के बल्‍ले ने भी आग उगली है। पहली पारी में अर्धशतक से चूकने के बाद केएल राहुल ने दूसरी पारी में फिफ्टी जड़ दी।
इंडिया A की ओर से खेल रहे केएल राहुल ने इंडिया B के खिलाफ पहली पारी में 111 गेंदों पर 37 रन बनाए थे। अपनी इस पारी में उन्‍होंने 4 चौके भी लगाए थे। दूसरी पारी में केएल राहुल ने 121 गेंदों पर 57 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्‍ले से 7 चौके निकले। मुकेश कुमार ने उन्‍हें ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया। इंडिया बी के विकेटकीपर बल्‍लेबाज पंत ने इसी मैच में शानदार पारी खेली। पंत ने पहली पारी में 10 गेंदों पर 7 रन बनाए थे। दूसरी पारी में पंत ने 47 गेंदों पर 61 रन ठोक दिए थे। ऐसे में अब केएल राहुल और ऋषभ पंत दोनों ने ही बांग्‍लादेश के खिलाफ टेस्‍ट सीरीज के लिए दावेदारी ठोकी है। पंत लंबे समय से टेस्‍ट नहीं खेले हैं। उन्‍होंने आखिरी टेस्‍ट मैच 2022 में खेला था।
टेस्‍ट में पंत और राहुल का प्रदर्शन

  • पंत ने अपने करियर में अब तक 33 टेस्‍ट खेले हैं। इस दौरान 56 पारियों में उन्‍होंने 43.67 की औसत और 73.63 की स्‍ट्राइक रेट से 2271 रन बनाए हैं।
  • टेस्‍ट में उन्‍होंने 11 अर्धशतक और 5 शतक लगाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वाधिक स्‍कोर नाबाद 159 रन है।
  • केएल राहुल ने अपने करियर में अब तक 50 टेस्‍ट खेले हैं। इस दौरान 86 पारियों में उन्‍होंने 34.08 की औसत और 52.23 की स्‍ट्राइक रेट से 2863 बनाए हैं।
  • क्रिकेट के इस प्रारूप में उनके नाम 14 अर्धशतक और 8 शतक दर्ज हैं।
Back to top button
📰 E-Paper