पंजाब
Trending

तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने पद से दिया इस्तीफा

चंडीगढ़ । पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के साथ चल रही खींचतान के बीच तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हरप्रीत इससे पहले अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार भी रह चुके हैं।

दरअसल, ज्ञानी हरप्रीत सिंह का अकाली नेता विरसा सिंह के साथ कई माह से विवाद चल रहा है। मंगलवार को पांच सिंह साहिबानों की बैठक में अकाली दल को आदेश दिया गया था कि वह विरसा सिंह वलटोहा को पार्टी से निकालें। इसके बाद वलटोहा ने भी अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। इस खींचतान के बीच बुधवार की शाम एक निजी टीवी चैनल पर लाइव होकर ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान

कर दिया। उन्होंने कहा कि विरसा सिंह वलटोहा की तरफ से उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है। उनकी बेटियों की इज्जत भी खतरे में है। मेरी जाति को परखा जा रहा है। वलटोहा को अकाली दल का सोशल मीडिया विंग लगातार समर्थन कर रहा है। इस मामले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पूरी तरह से चुप है।

हरप्रीत सिंह ने एसजीपीसी अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि वह उनका इस्तीफा तुरंत प्रभाव से स्वीकार करें। इस बीच शिरोमणि अकाली दल की तरफ से जारी जानकारी में कहा गया कि शिरोमणि अकाली दल के कार्यकारी अध्यक्ष स.बलविंदर सिंह भूंदड़ ने आज विरसा सिंह वल्टोहा का पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अकाली दल के सभी पदों से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper