पंजाब
Trending

पंजाब में  आप विधायक ने शिअद नेता वल्टोहा की कंगना रनौत से की तुलना

चण्डीगढ़-पंजाब। पंजाब मे एक बार फिर भाजपा सांसद व अभिनेत्री कंगना रनौत के नाम की चर्चा हो रही है। आम आदमी पार्टी के विधायक ने शिअद नेता वल्टोहा की कंगना रनौत से तुलना की है। दरअसल बीते कल बुधवार को तख्त दमदमा साहिब तलवंडी साबो के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दिया था। हालांकि उनका इस्तीफा मंजूर नहीं हुआ है। इस घटना के बाद वीरवार को हरप्रीत सिंह से शिअद और आप नेताओं ने मुलाकात की। अकाली दल सुधार लहर के नेता प्रेम सिंह चंदूमाजरा, आप विधायक गुरप्रीत सिंह बनावाली, जगरूप सिंह गिल समेत शिअद के दिग्गज नेता बलविंदर सिंह भूंदड पहुंचे थे। सभी नेताओं ने जत्थेदार के साथ लंबे समय तक मुलाकात कर पूरी जानकारी हासिल की।

वहीं आप विधायक गुरप्रीत सिंह बनावाली ने कहा कि शिअद के पूर्व नेता विरसा सिंह वल्टोहा भी कंगना रनौत की तरह विवादत बयान दे रहे हैं। जोकि सिख समाज के लिए ठीक नहीं है।

बुधवार को तख्त दमदमा साहिब के जत्थेदार हरप्रीत सिंह ने शिअद के पूर्व नेता पर संगीन आरोप लगाते हुए अपने पद से इस्तीफा अकाल तख्त के जत्थेदार पास भेज दिया था। हलांकि कुछ ही घंटों के बाद अकाल तख्त के जत्थेदार रघुवीर सिंह ने उक्त इस्तीफे को मंजूर करने से इनकार कर दिया था।

वीरवार को सबसे पहले अकाली दल सुधार लहर का एक प्रतिनिधिमंडल प्रेम सिंह चंदूमाजरा, परमिंदर सिंह ढीढसां, गुरप्रताप सिंह बडाला, गगनदीप सिंह बरनाला की अगुवाई में जत्थेदार हरप्रीत सिंह को उनकी रिहाइश पर मिलने पहुंचा। उक्त मुलाकात से पहले प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने मीडिया से कहा कि गहरी साजिश के तहत उक्त पूरा घटनाक्रम किया जा रहा है। इससे सिख समाज को ठेस पहुंच रही और पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। शरोमणि अकाली दल का गठन इसलिए किया था कि वो पंथक हितों की रक्षा कर सकें। लेकिन अब शिअद की ओर से पंथक मामलों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। इससे पहले भी अकाल तख्त के जत्थेदार को धमकियां मिली थी, अब तख्त दमदमा साहिब के जत्थेदार हरप्रीत सिंह को धमकियां मिलना अति निंदनीय है। पूरा सिख समाज जत्थेदार हरप्रीत सिंह के साथ है।

इसके अलावा शिअद के दिग्गज नेता बलविंदर सिंह भूंदड भी जत्थेदार हरप्रीत सिंह से मुलाकात करने के लिए उनके घर पहुंचे। जहां पर भूंदड ने कई घंटों तक जत्थेदार हरप्रीत के साथ बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी हासिल की। दूसरी तरफ आप विधायक गुरप्रीत सिंह बनावाली, जगरूप सिंह गिल भी जत्थेदार हरप्रीत सिंह से मिलने पहुंचे। वहीं मुलाकात के बाद आप विधायक गुरप्रीत सिंह बनावाली ने कहा कि वल्टोहा सिख समाज के जत्थेदार प्रति विवादत बयान देकर ठीक नहीं कर रहे। उनको मरियादा में रहकर बात करनी चाहिए। शरोमणि अकाली दल को उक्त पूरे घटनाक्रम पर अपना स्टेंड स्पष्ट करना चाहिए। अकाली दल को ऐसे नेता को पार्टी से निकाल देना चाहिए।

 

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper