मध्यप्रदेश
Trending

मप्र के आईपीएस हर्षवर्धन की सड़क हादसे में माैत, मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने जताया दुख

भाेपाल । मध्य प्रदेश के रहने वाले आईपीएस हर्षवर्धन सिंह का कर्नाटक में सड़क हादसे में निधन हो गया। वे अपनी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद पहली पोस्टिंग पर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार का टायर फट गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हर्षवर्धन के पिता अखिलेश सिंह सिंगरौली में एसडीएम हैं। मुख्यमंत्री डाॅ माेहन यादव ने उनके निधन पर दुख जताया है।

मुख्यमंत्री डाॅ यादव ने साेमवार काे अपने साेशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पाेस्ट करते हुए लिखा, “मध्यप्रदेश के जबलपुर निवासी कर्नाटक कैडर के 2023 बैच के IPS हर्ष बर्धन का “कर्नाटक पुलिस अकादमी” से प्रशिक्षण समाप्त कर हासन जिले में अपनी पहली पोस्टिंग के लिए लौटते समय सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन का समाचार अत्यंत ही दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने आगे लिखा कि भारतीय पुलिस सेवा के एक युवा अफसर का इस तरह चले जाना निश्चित ही राष्ट्र के लिए क्षति है। शोकाकुल परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को मोक्ष व शांति प्रदान करें।

हर्षवर्धन का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। वर्तमान में मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में रहते हैं। दरअसल, हर्षवर्धन के पिता अखिलेश कुमार सिंह सिंगरौली में एसडीएम रूप में पदस्थ हैं। वहींं IPS बेटे की मौत की दुःखद खबर सुनते ही घर में मातम पसर गया है और पूरा परिवार सदमे में है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अखिलेश सिंह और परिवार के अन्य सदस्य हासन पहुंच गए। हर्षवर्धन का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। मंगलवार की सुबह तक उनका शव यहां आने की संभावना है।

 

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button
📰 E-Paper