छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ विधानसभा : विधायक रिकेश ने 6 वर्षों से लंबित नगरीय निकाय के 251 सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित उपादान और पेंशन पर कराया ध्यानाकर्षण

रायपुर / भिलाई नगर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन भाजपा विधायक रिकेश सेन ने नियम 138 (1) के अधीन सदन का छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय से सेवानिवृत्त 251 कर्मचारियों को वर्ष 2018 से 2024 तक उपादान एवं अर्जित अवकाश नगदीकरण की राशि तथा नगर पालिक निगम भिलाई के 33 कर्मचारियों का कार्यभारित सेवा से सेवानिवृत्ति पश्चात अब तक पेंशन प्राप्त न होने के संबंध में ध्यानाकर्षण कराया है। विधायक वैशाली नगर ने कहा कि वर्षों से लंबित इस भुगतान के न होने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों में निराशा बनी हुई है। अपनी मांग को लेकर सेवानिवृत्ति कर्मचारी कई वर्षों से भटक रहे लेकिन आज तक उन्हें राहत नहीं मिली है। अतः छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की विभिन्न राशियों को अतिशीघ्र भुगतान करवाया जाए ताकि लगभग ढाई सौ से अधिक अपने जीवन काल का अधिकांश समय जनसेवा करने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके हक का प्रतिफल और पेंशन मिले।

बता दें कि विगत दिनों नगर निगम भिलाई के 33 तथा अन्य निकायों से सेवानिवृत्त लगभग 251 कर्मचारियों के प्रतिनिधि मंडल ने वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन से इस संबंध में गुहार लगाई थी। उन्होंने श्री सेन से बताया था कि वर्ष 2018 से 2024 तक उपादान एवं अर्जित अवकाश नगदीकरण राशि तथा कार्यभारित सेवा से सेवानिवृत्त कर्मियों को पेंशन न मिलने से उन्हें भारी आर्थिक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार 2018 से लगातार सेवानिवृत्त कर्मचारी इसके लिए प्रयासरत हैं मगर अब तक उनको समाधान नहीं मिला नतीजतन सभी को विधायक रिकेश सेन से काफी उम्मीद है। श्री सेन ने उन्हें आश्वस्त किया था कि इस वाजिब मांग को वो राज्य सरकार तक पहुंचा कर जल्द लंबित भुगतान कराए जाने की पहल अवश्य करेंगे। आज विधानसभा सत्र के दूसरे दिन विधायक रिकेश के ध्यानाकर्षण पश्चात नगरीय निकाय मंत्री के निर्देश पर संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास उप संचालक (पेंशन) ने आदेश जारी कर प्रदेश के सभी नगर पालिक निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों को सेवानिवृत्त कर्मचारियों के वर्ष 2018 से 2024 तक उपादान एवं अर्जित अवकाश नगदीकरण राशि तथा कार्यभारित सेवानिवृत्त कर्मचारियों की बकाया पेंशन की जानकारी प्रदान करने कहा है।

news desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
Back to top button